अगुवा मासूम के बारे में जानकारी देने वाले को 30 हजार का ईनाम, IG ने किया ऐलान
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से अगुवा हुए 3 साल के मासूम का 48 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। ऐसे में अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी पर ग्वालियर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना ने इनाम राशि में बढ़ोत्तरी की है। अब अज्ञात की गिरफ्तारी पर और मासूम को दस्तयाब करवाने वाले को 30 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई है।
गौरतलब है कि शनिवार को मुरार थाना अंतर्गत मोहनपुर गांव में काली माता मंदिर के पास से 3 साल का रितेश पाल नामक मासूम जब अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया। रितेश की मां सपना पाल ने आस पड़ोस में रितेश को ढूंढा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद सपना ने थाने पहुंचकर रितेश का अपहरण किए जाने की आशंका व्यक्त की। सपना ने पुलिस को बताया था कि वह पिछले तीन माह से अपने पति दलबीर पाल निवासी चंदनपुरा से अलग होकर मोहनपुर गांव स्थित मायके में रह रही है। पति दलबीर और उसके ससुरालीजन उसे वापस ससुराल बुलाने के लिए लगातार धमका रहे हैं। दीपावली पर पति ने बेटे को जबरन ले जाने की धमकी दी थी। यही वजह है कि उसे संदेह है कि रितेश को गायब करने की साजिश में उसके पति, जेठ और ससुर का हाथ हो सकता है। इतना ही नहीं फ़रियादिया सपना ने मीडिया को बताया है कि रितेश का अपहरण किए जाने की आशंका व्यक्त करने पर थाने में एक महिला पुलिसकर्मी ने उसके साथ मारपीट की थी। उनका कहना था कि बेटे को गायब करके वह अपने पति के विरुद्ध अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश कर रही है। इससे पहले पति दलबीर के विरुद्ध सपना एक शिकायत दर्ज करवा चुकी थी। इसी के बाद पुलिस ने सपना के पति दलबीर को राउंड अप करके सख्ती से पूछताछ की थी, लेकिन नतीजा सिफर रहा। पुलिस के हाथ लापता रितेश का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने सपना पाल की फरियाद पर अज्ञात के विरुद्ध मासूम रितेश पाल का अपहरण करने का मामला पंजीबद्ध कर लिया।
मासूम रितेश जिस स्थान से गायब हुआ है, उसके आस पास घना जंगल और ताल तलैया होने के साथ ही लगभग 100 मीटर की दूरी पर ग्वालियर - झांसी बायपास रोड है। पुलिस का मानना है कि मासूम रितेश संभवतः जंगल में उतरा होगा और रास्ता भूल गया होगा, या फिर ताल तलैया में फंस गया होगा। इसी के बाद पुलिस के जवान जंगल में रितेश को तलाशने के लिए लगातार सर्चिंग कर रहे हैं।
इससे पहले पुलिस ने रितेश के बारे में सूचना देने वाले को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी। सोमवार सुबह से देर शाम तक पुनः पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर रितेश की तलाश की। इस अभियान में डॉग स्क्वाड के साथ ड्रोन कैमरे की भी मदद ली गई। लेकिन इस बार भी पुलिस के हाथ खाली रहे। देर शाम यानि 48 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ ना ही रितेश का कोई सुराग लगा और ना ही अज्ञात आरोपी से संबंधित कोई जानकारी हाथ लगी। लिहाजा देर शाम पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अरविंद सक्सेना ने मासूम रितेश पाल को दस्तयाब करने पर या अज्ञात आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले को इनाम की राशि बढ़ाकर देने की अधिकृत घोषणा कर दी। अब इनाम की राशि 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है।
फिलहाल रितेश की मां सपना और पिता दलबीर पाल का रो रोकर बुरा हाल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह इस ब्लाइंड किडनैपिंग केस की खुद ही मॉनिटरिंग कर रहे हैं। घटना स्थल से सटे जंगल में विशेष अभियान चलाकर रितेश को ढूंढने का प्रयास जारी है। पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज अरविंद सक्सेना को उम्मीद है कि जल्दी ही अगुवा मासूम का कोई सुराग पुलिस के हाथ लगेगा और पुलिस इस ब्लाइंड किडनैपिंग केस का पर्दाफाश कर सकेगी।
