कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर गिरफ्तार, समर्थकों की भीड़ बढ़ती देख देर शाम किया रिहा
आगरा। अखंड इंडिया मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रख्यात कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें भारी सुरक्षा के बीच समर्थकों के साथ पुलिस लाइन भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि उन्होंने प्रतिबंध के बावजूद आगरा में प्रवेश ही नहीं किया बल्कि प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। बताया जा रहा है उनके समर्थकों की भीड़ इकठ्ठी होती देख देर शाम निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। साथ ही उन्हें मथुरा के लिए रवाना कर दिया गया।
अगर बात की जाए कथावाचक श्री ठाकुर की तो वह एससी/एसटी ऐक्ट में बदलाव के विरोध में चल रहे देशव्यापी सवर्ण आंदोलन के मुखिया माने जाने लगे हैं। अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए जाने जाने वाले श्री ठाकुर जब आगरा में पत्रकारवार्ता कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तारी के तुरंत बाद वहां मौजूद पत्रकारों से श्री ठाकुर ने कहा "यह लोकतंत्र की हत्या है"। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। पुलिस श्री ठाकुर को समर्थकों के साथ पुलिस लाइन ले गई। श्री ठाकुर की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उनके समर्थकों का पुलिस लाइन पहुंचना शुरू हो गया। समर्थकों की भीड़ जुटते देर शाम उन्हें रिहा कर दिया गया। साथ ही मथुरा के लिए रवाना भी कर दिया गया। पुलिस ने ठाकुर देवकीनंदन के खिलाफ शांति भंग करने की कार्यवाही की है। यहां बता देवकीनंदन ठाकुर खंदौली में प्रस्तावित पंचायत को संबोधित करने आगरा पहुंचे थे। मगर अनुमति नहीं मिलने से पंचायत निरस्त कर दी गई।
