सिंधिया की हत्या करने की धमकी कायराना कृत्य : दिग्विजय सिंह
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने दमोह जिले से भाजपा विधायक उमादेवी के पुत्र प्रिंसदीप द्वारा कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की हटा आने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी को कायराना कृत्य निरूपित कर घोर निन्दा की है। उन्होने इस मामले में अब तक सरकार द्वारा की गई कार्यवाही को सार्वजनिक करने की मांग की।
श्री सिंह ने आज जारी बयान में कहा कि यही आर.एस.एस. और भाजपा का असली चरित्र है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि राजमाता विजयराजे सिंधिया ने भाजपा को अपने खून पसीने से सींचकर एक राष्ट्रीय दल का स्वरूप दिया था। तब उन्होने यह सपने में भी नही सोचा होगा कि उनकी पार्टी के एक विधायक का पुत्र भविष्य में उनके पौत्र को गोली मारकर हत्या करने की सार्वजनिक रूप से धमकी भी देगा। उनका कहना है, भाजपा बौखला गई है क्योंकि उसे पता चल गया है कि जनता उसे ( भाजपा ) को घर बिठाने का संकल्प ले चुकी है और इसी बौखलाहट में कांग्रेस के युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को जान से मारने की धमकी दे रहे है। मैं इस कायराना हरकत की घोर निन्दा करता हूँ और सरकार से इस प्रकरण में कठोर कार्यवाही की मांग करता हूँ।
