बेहतर नागरिक बनने के लिए कानून का पालन करें : डीजीपी शुक्ला
भोपाल । मिल बांचे कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक ऋषि शुक्ला ने शासकीय नवीन कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल में बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नैतिक शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि बेहतर नागरिक बनने के लिए आवश्यक है कि कानून का पालन किया जाए। उन्होंने आठवीं कक्षा के बच्चों को भौरीं स्थित पुलिस अकादमी का भ्रमण कराने के लिए भी कहा।
कार्यक्रम में शामिल होने स्कूल पहुंचे श्री शुक्ला आठवीं के बच्चों से उन्हीं की कक्षा में रूबरू हुए। उन्होंने यहां बच्चों से अपने जीवन के अनुभव बांटें। उन्होंने शिक्षा का महत्व समंझाते हुए बच्चों को लेजर वैज्ञानिक मनी भौमिक की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि वह कितने संघर्ष के साथ सफलता के शिखर पर पहुंचे और उन्होंने समाज के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। श्री शुक्ला ने बच्चों को समाज में पुलिस की भूमिका के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्होंने समझाया कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना कितना जरूरी है। यहां उन्होंने बच्चों को भाषा का ज्ञान और रूचिकर विषयों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पुलिस परिवार के मुखिया को अपने बीच पाकर बच्चे भी बहुत उत्साहित थे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव , विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती वंदना शुक्ला सहित कई अध्यापक मौजूद थे।
