छात्र का मिला शव, चेहरे पर हैं गंभीर चोट के निशान, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में एमिटी यूनिवर्सिटी के पीछे जंगलात में एक छात्र का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला है। मृतक के शरीर पर गहरे घाव के निशान हैं। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महाराजपुरा थाना प्रभारी वाय एस तोमर ने बताया है कि बुधवार शाम स्थानीय ग्रामीणों से सूचना मिली की एमिटी यूनिवर्सिटी के पीछे जंगलात में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुचकर शव कब्जे में ले लिया। मृतक की शिनाख्त भानू उम्र 20 साल पुत्र उदयवीर सिंह तोमर निवासी चार शहर का नाका के रूप में हुई है। भानू 12 वीं का छात्र था और उसके पिता उदयवीर किसानी करते हैं। बताया गया है भानू मंगलवार शाम करीबन 7 बजे घर से निकला था। भानू को आखिरी बार अरुण तोमर नामक युवक के साथ देखा गया था। भानू के पिता उदयवीर ने शिवम राजावत नामक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है भानू की शिवम से रंजिश थी। भानू पर एक हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। भानू के चेहरे पर पुलिस को गंभीर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल पुलिस ने भानू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
