बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार नवदंपत्ति को कुचला, दोनो की मौके पर मौत, ट्रक चालक फरार
ग्वालियर। रायरू पूल पर आवाजाही बंद होने का असर अब दिखने लगा है। रुट डायवर्ट किये जाने के बाद निरावली तिराहे पर यातायात का दबाब बढ़ गया है। जिसके चलते आज एक नवदंपत्ति की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुरानी छावनी थाना अंतर्गत निरावली तिराहे के समीप एक बाइक सवार नवदंपत्ति सड़क हादसे में मौत हो गई। निरावली गांव में रहने वाला मोहन सिंह रावत पेशे से मजदूर है, और उसकी चार महीने पहले ही सबलगढ तहसील की मांगरौल गांव में रहने वाली अखिलेशी नामक युवती से शादी हुई थी। शादी के बाद पहला रक्षा बंधन था सो अखिलेशी अपने मायके गई थी। मंगलवार शाम मोहन उसे अपनी बाइक से लेकर घर आ रहा था। तभी अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक का एक पहिया मोहन के सिर से गुजर गया, वहीं अखिलेशी भी इसकी चपेट में बुरी तरह से आ गई।
हादसा इतना वीभत्स था कि दोनो की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक पति पत्नी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मर्ग कायम कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी। इस घटना से मांगरौल और निरावली गांव में गमजदा माहौल है।
