ओड़पुरा पर गड्ढे में मिला युवक का शव
ग्वालियर। तिघरा क्षेत्र में ओड़पुरा सड़क मार्ग पर पानी से भरे गड्ढे में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुचकर शव कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तिघरा थाना प्रभारी पप्पू यादव ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि ओड़पुरा के पास कबूतर खां की पुलिया के नीचे गड्ढे में किसी युवक का शव पानी में पड़ा है। इसी सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुच गई, शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की शिनाख्त बंटी उर्फ जगदीश (32) पुत्र मनखुशी जाटव के रूप में हुई है। बंटी प्लम्बर का काम करता था। बताया गया है बंटी गोल पहाड़िया स्थित पलैया बाड़ा पिप्पल चौक में रहता था। बंटी पूर्व महापौर पूरन सिंह पलैया का रिश्तेदार बताया जा रहा है। बंटी शराब पीने का आदी था और कल सुबह से अपने घर से निकला था। पुलिस ने बंटी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
