श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जनकगंज में रविवार को होगी संगीत संध्या
ग्वालियर। परम पूज्य गौलोकवासी श्री बाबा महाराज की पुण्य स्मृति में संगीत संध्या का आयोजन कल यानी रविवार को किया जाएगा। श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जनकगंज ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उक्त आशय की जानकारी दी। विज्ञप्ति अनुसार मंदिर प्रांगण में आयोजित होने वाली संगीत संध्या में कार्यक्रम की शुरुआत सायं 7:30 बजे होगी, जिसका समापन रात्रि 10 बजे किया जाएगा। इस संगीत संध्या में नगर के विख्यात वायलिन वादक अंकुर धारकर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में दूसरी प्रस्तुति नगर की प्रसिद्ध गायिका श्रीमती पारुल बांदिल द्वारा दी जाएगी। इस अवसर पर उपस्थित आयोजक मंडल और भक्त संगीत रूपी अमृत का पान करेंगे। गौरतलब है कि परम पूज्य श्री बाबा महाराज की पुण्य स्मृति में उक्त कार्यक्रम विगत 4 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है। जिसमें नगर के नवोदित कलाकार अत्यंत भक्ति पूर्ण वातावरण में अपनी प्रस्तुति देते हैं।
