इंदौर से बन कर आएगा रथ, 200 जगह से ज्यादा स्थानों पर होगा केंद्रीय मंत्री सिंधिया का भव्य स्वागत - कमल माखीजानी
ग्वालियर। भारत सरकार के केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तीन दिन के प्रवास पर ग्वालियर आ रहे है। 22 सितंबर को निरावली चौराहे से केंद्रीय मंत्री सिंधिया का काफिला नगर में प्रवेश करेगा और उनकी शोभा यात्रा पुरानी छावनी, मोतीझील, बहोड़ापुर चौराहे से होती हुई जेल रोड, रामदास घाटी से शिंदे की छावनी, नदी गेट, जायेंद्रगंज, इंदरगंज, पुराना हाइकोर्ट, पाटनकर बाजार चौराहा, दौलतगंज, महाराज बाड़ा होती हुई गोरखी पर समाप्त होगी। इस यात्रा के लिए एक रथ इंदौर के कारीगरों द्वारा तैयार किया जा रहा है। शोभा यात्रा का महानगर में 200 जगह से ज्यादा भाजपा के कार्यकर्ता, धार्मिक, व्यापारिक संगठन से जुड़े हुए लोग भव्य स्वागत करने वाले है। रविवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में इस यात्रा की तैयारियों की जानकारी देते हुए भाजपा ग्वालियर के जिला अध्यक्ष कमल माखीजानी, ग्रामीण जिला अध्यक्ष कौशल शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट, प्रधुम्न सिंह तोमर, राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाहा, प्रदेश के मीडिया सह प्रभारी जवाहर प्रजापति उपस्थित थे।
