VIDEO; हिमस ने मेरठ भेजी नारायण आप्टे की प्रतिमा
ग्वालियर। उत्तर प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां तेज हो चुकी है। ऐसे में हिंदू महासभा गांधी बनाम गोडसे के रंग भरने की कोशिश में है। ग्वालियर में अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ जयवीर भारद्वाज ने कांग्रेस और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए एक बार फिर महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे और उनके साथी नारायण आप्टे का महिमामंडन किया है। इतना ही नहीं यहां से नारायण आप्टे की प्रतिमा भी यूपी के मेरठ स्थित अखिल भारत हिंदू महासभा के दफ्तर में स्थापित करने के लिए भेजी गई है। साथ ही दो फ़ोटो भी मीडियाकर्मियों को उपलब्ध कराए गए हैं। जिनमें एक में नारायण आप्टे की प्रतिमा है और दूसरे फ़ोटो में मेरठ स्थित हिमस कार्यालय के बाहर तैनात पुलिस बल नजर आ रहा है। इससे स्पष्ट होता है कि उत्तर प्रदेश के चुनावी माहौल में हिंदू महासभा बीजेपी के लिए हिंदुत्व की सियासी जमीन तैयार कर रही है। हिंदू महासभा कांग्रेस के खिलाफ हमेशा मुखर रही है, इसीलिए वह कांग्रेस और महात्मा गांधी पर विभाजन के दौरान हुए नरसंहार के लिए जिम्मेदार ठहरती रहीं हैं।
