VIDEO: डकैती की योजना बनाते 5 बदमाशों को बहोड़ापुर पुलिस ने दबोचा
ग्वालियर। डकैती की योजना बनाते हुए बहोड़ापुर क्षेत्र से पुलिस ने 5 हथियारबंद बदमाशों को दबोचा है। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी शातिर बदमाश हैं और किसी पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की नीयत से इकट्ठे हुए थे। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने कट्टे, चाकू और जिंदा राउंड बरामद किए हैं। बहोड़ापुर थाना प्रभारी प्रशांत यादव को शनिवार रात सूचना मिली कुछ लोग थाना अंतर्गत मोतीझील स्थित अशोका ढाबे के पीछे झाड़ियों में बैठकर किसी पैट्रोल पम्प पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना पर थाना प्रभारी यादव ने मौके पर दविश दी तो पांच युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की तलाशी लेने पर पुलिस ने उनसे 315 बोर के दो लोडेड कट्टे, दो जिंदा कारतूस, एक लोहे की रॉड, एक सरिया व एक चाकू बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि पकड़े गए पांचों युवक शातिर बदमाश हैं, जिनके खिलाफ शहर की अलग-अलग थानों में आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
