स्टेट बार काउंसिल के चुनाव में अब तक नहीं खुला ग्वालियर का खाता
वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र तलेगांवकर, ग्वालियर। मध्यप्रदेश में अधिवक्ताओ की सर्वोच्च संस्था, म.प्र. राज्य अधिवक्ता परिषद के चुनाव के लिए चल रही मतगणना में रीवा के शिवेंद्र उपाध्याय जीत के लिए निर्धारित मत प्राप्त कर अपने सर पर जीत का सेहरा बांध चुके हैं। मतगणना में भले ही ग्वालियर का खाता नहीं खुला है लेकिन ग्वालियर के जयप्रकाश मिश्रा, प्रेम सिंह भदोरिया, राजेश कुमार शुक्ला एवं जितेंद्र शर्मा दौड़ में बने हुए हैं। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार द्वितीय वरीयता की मतगणना व 25 सदस्य चुनने के लिए एलीमिनेशन की प्रक्रिया जारी है । बुधवार को जीत दर्ज करने वाले शिवेन्द्र उपाध्याय पांचवें ऐसे उम्मीदवार बने, जिन्होने निर्धारित कोटा पार कर जीत हासिल की है। इससे पहले जबलपुर के मनीष दत्त, इन्दौर के विवेक सिंह, जबलपुर के मनीष तिवारी तथा इंदौर के सुनील गुप्ता ने कोटा पार कर जीत दर्ज कर ली थी। बुधवार को 2 उम्मीदवार देवास के राम प्रसाद सूर्यवंशी तथा जबलपुर के नवीन शुक्ला एलीमिनेट होकर चुनाव प्रक्रिया से बाहर हो गये हैं। एलीमिनेशन उपरांत द्वितीय व अन्य वरीयता के मत प्राप्त कर निर्धारित वेल्यू कोटा की ओर बढ़ रहे गाडरवारा के रामेश्वर नीखरा, ग्वालियर के जय प्रकाश मिश्रा, जबलपुर के जगन्नाथ त्रिपाठी, उज्जैन के प्रताप मेहता, इन्दौर के हितोषी जय हार्डिया, जबलपुर के आर.के.सिंह सैनी, इन्दौर के नरेन्द्र कुमार जैन, रीवा के अखंड प्रताप सिंह, जबलपुर के राधेलाल गुप्ता, भोपाल के विजय कुमार चौधरी, ग्वालियर के प्रेम सिंह भदौरिया, शहडोल के दिनेश नारायण पाठक, सागर के राजेश पांडे, भोपाल के राजेश व्यास, जबलपुर के अहादुल्ला उस्मानी, ग्वालियर के जितेन्द्र कुमार शर्मा, जबलपुर के मृगेन्द्र सिंह, सागर की सुश्री रश्मि ऋतु जैन, ग्वालियर के राजेश कुमार शुक्ला, जबलपुर के शैलेन्द्र वर्मा गुडडा आज हुई गिनती के बाद टॉप 25 में आकर सेफ जोन में आ गये हैं। इसके अतिरिक्त इन्दौर के खिलाडी लाल घनघोरे, भोपाल के मेहबूब अंसारी, रीवा के डॉ.संदीप कुमार पटेल, उज्जैन के आशीष उपाध्याय, जबलपुर की श्रीमती ज्योति राय, भोपाल के संतोष शर्मा डेंजर जोन में है और टॉप 25 में जगह बनाने के लिए अपनी - अपनी बढ़त बना रहे है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव जीतने के लिये 170839 वेल्यू मतो का कोटा निर्धारित किया गया है। कुल 145 उम्मीदवारो मे से अब तक 05 प्रत्याशी विजयी घोषित किये जा चुके हैं और 114 उम्मीदवार एलीमिनेट होकर बाहर हो गये हैं। ऐसे में अब मात्र 26 उम्मीदवार रेस में है और द्वितीय एवं अन्य वरीयता के मत प्राप्त कर मैदान में बने हुये है। अंतिम चरण में चल रही मतगणना के दौरान गुरुवार को प्रातः 10 बजे से मतगणना प्रारंभ कर न्यूनतम मत प्राप्त उम्मीदवारो का एलीमिनेशन किया जायेगा।
