घर में बैठी बुजुर्ग महिला से पर्स छीनकर भागने वाले बदमांश को लोगों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा
ग्वालियर। माधौगंज क्षैत्र में आज घर में घुसकर बुजुर्ग महिला से पर्स छुङाकर भागने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी से पुलिस महिला से छीना पर्स और उसमें रखी नकदी बरामद कर ली है। आरोपी युवक शातिर लुटेरा बताया जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार वासुदेव जैसवानी पुत्र कन्हैया लाल जैसवानी उम्र 50 वर्ष निवासी जगताप की गोठ नम्बर दो की बुजुर्ग मां आज शाम जब अपने घर के दरवाजे खोलकर पलंग पर बैठीं थीं तभी एक बदमांश घर में घुस गया और उनकी मां से पर्स छुड़ाकर भाग निकला। बदमांश को भागता देख वासुदेव ने मदद के लिए आस-पड़ोस के लोगों को आवाज दी तो कुछ लोग आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। पुलिस के मुताबिक लक्कड़खाना पुल पर लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी का नाम महेंद्र उर्फ मनोज रजक पुत्र रामवरन निवासी पंचमुखी हनुमान मंदिर हारकोटा सीर बताया गया है। पुलिस ने आरोपी महेंद्र से पर्स भी बरामद कर लिया है जिसमें 500 रुपये नकदी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक महेंद्र मूलतः मुरैना का रहने वाला है और शातिर लुटेरा बताया गया है। जो वारदात के बाद मुरैना भाग जाता था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस उसका रिकॉर्ड खंगाल रही है। माधौगंज थाना पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी दो वारंट में फरार चल रहा था।
