प्याज चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
ग्वालियर। प्याज के बढ़ते भाव के चलते अब ये चोरों के निशाने पर है। शहर के सब्जी बाज़ार छत्री मंडी से पिछले दिनों दो आरोपियों ने करीबन 12 कट्टे प्याज और ढाई कट्टे लहसुन पर हाथ साफ कर दिया था, जो अब पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्री मंडी में अफजल की आढ़त की दुकान है। अफजल का कहना है जब से प्याज महंगी हुई है तब से दो बार उसकी दुकान के अज्ञात चोर ताले चटका चुके हैं। अफजल के मुताबिक 10 दिसम्बर और 11 दिसम्बर को चोरी हुई थी। इस दौरान अज्ञात चोर दो अलग-अलग वारदातों में 15 कट्टे प्याज और साढ़े 3 कट्टे लहसुन ताले तोड़कर दुकान से ले गए थे। उसने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। थाना प्रभारी प्रीति भार्गव के अनुसार पुलिस ने दो चोरों को पकड़ा है जिनके नाम जीतू घमरा निवासी नेहरू पैट्रोल पम्प और अजीत उर्फ अजय निवासी पाटनकर बाज़ार बताये गए हैं। बकौल थाना प्रभारी दोनों आरोपियों ने चोरी का माल बेच दिया था, लिहाजा माल बरामद नहीं हो सका है।
