एग्रीकल्चर कॉलेज की सीनियर साइंटिस्ट को आया धमकी भरा कॉल, अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
ग्वालियर। कृषि महाविद्यालय की सीनियर साइंटिस्ट को अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा कॉल किया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी थाना अंतर्गत महलगांव निवासी श्रीमती शोभना गुप्ता कृषि महाविद्यालय में सीनियर साइंटिस्ट के पद पर कार्यरत हैं। श्रीमती गुप्ता के पति डॉ निरुपम गुप्ता से मिली जानकारी के अनुसार वे 9 वर्षों से एग्रीकल्चर कॉलेज में सेवाएं दे रहीं हैं। 14 दिसम्बर की शाम अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर उन्हें धमकी दी है। इसके बाद से श्रीमती गुप्ता और उनके परिजन दहशत में हैं। डॉ गुप्ता के मुताबिक धमकी भरे कॉल की मोबाइल में रिकॉर्डिंग हो गई। उन्होंने पुलिस को कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग और शिकायती आवेदन दिया है। वहीं इस बारे में थाना प्रभारी रामनरेश यादव का कहना है पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
