बिजौली हाइवे पर शॉर्ट एनकाउंटर में शातिर लुटेरा घायल, पकड़े गए साथी की टिप्स पर पहुची थी पुलिस
ग्वालियर। शहर में ताबड़तोड़ लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का एक सदस्य पुलिस के साथ हुए शॉर्ट इनकाउंटर में घायल हो गया है। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं पुलिस ने बदमांश से एक पिस्टल बरामद की है।
पिछले दिनों सिटी सेंटर स्थित एसबीआई परिसर में गैस एजेंसी के मुनीम वासुदेव शर्मा को गोली मारकर अज्ञात लुटेरे उससे 4 लाख रुपये से भरा बैग लूटकर भाग निकले थे। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी धर्मेंद्र जाट को पकड़ा था। पुलिस को धर्मेंद्र ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया था कि उसका एक साथी नवीन शर्मा बिजौली हाइवे पर पहुचने वाला है। इसी सूचना पर क्राइम ब्रांच नवीन को पकड़ने पहुची थी। नवीन बाइक पर सवार होकर जैसे ही पहुचा तो पुलिस को देख उसने फायरिंग शुरू कर दी, जबाबी फायरिंग में गोली नवीन के पैर में लगी। जिसके चलते वह गिर गया। पुलिस ने घायल बदमांश से पिस्टल बरामद कर उसे जेएएच के ट्रोमा सेंटर में इलाज के लिए भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन के अनुसार शिवपुरी लिंक रोड पर पिछले दिनों कैश वैन लूट की वारदात को भी इन्हीं बदमाशों ने अंजाम दिया था। पकड़ा गया धर्मेंद्र सिंधिया नगर में रहता है और चंद्रवदनी नाके पर उसकी कपड़े की दुकान है। वह मूलतः जालौन का रहने वाला है। पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर में घायल नवीन से 32 बोर की पिस्टल बरामद की है।
