तिवारी नर्सिंग होम में बुजुर्ग महिला की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप, चक्काजाम
ग्वालियर। इंदरगंज थाना अंतर्गत शिंदे की छावनी तिराहे पर तिवारी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत हो जाने पर परिजनों ने हंगामा करते हुए चक्का जाम कर दिया। मृतका के परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वहीं लोगों के बढ़ते आक्रोश के चलते पुलिस अस्पताल संचालक को सुरक्षा के नजरिये से थाने ले गई है।
शिंदे की छावनी में रहने वाले अजय की 60 वर्षीय मां जमुना देवी पत्नी स्व. जगदीश बाथम को आज सुबह उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर शिंदे की छावनी तिराहे पर स्थित तिवारी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। अजय के अनुसार उसकी मां जमुना देवी को जब अस्पताल लाया गया तो डॉक्टर के कहने पर एक महिला ने इंजेक्शन लगाया था। इंजेक्शन लगाने वाली महिला नर्स नहीं थी। कुछ ही देर बाद जमुना देवी की हालत बिगड़ने लगी तो उसे जयारोग्य अस्पताल रैफर कर दिया। जयारोग्य अस्पताल में डॉक्टरों ने जमुना देवी की नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिजन शव को लेकर तिवारी नर्सिंग होम
आये जहां अस्पताल के सामने शव रखकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान नाराज परिजन नर्सिंग होम संचालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। चक्का जाम होने की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुच गया। इंदरगंज थाने के सब इंस्पेक्टर ..... के मुताबिक महिला की मौत से गुस्साए परिजन को पहले समझाइश दी गई, लेकिन वे डॉक्टर के खिलाफ कार्यवाही की मांग पर अड़े रहे। बाद में बिगड़ते हालात को भांपते हुए पुलिस ने नर्सिंग होम संचालक डॉ मोहन शर्मा को अपनी सुरक्षा में ले लिया और थाने ले गई। तब जाकर कहीं मामला शांत हो सका और नाराज लोगों ने चक्का जाम बहाल कराया। उधर क्षेत्रीय बुजुर्ग महिला की आकस्मिक नर्सिंग होम में मौत हो जाने के बाद वार्ड 33 के पार्षद चंदू सेन भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने अस्पताल पहुच गए। क्षेत्रीय पार्षद चंदू सेन का कहना है कि सबंधित डॉक्टरों ने परिजन को वह इंजेक्शन दिखाया है जिसका इलाज में इस्तेमाल नहीं हुआ। उनका आरोप है कि जमुना देवी को एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाया गया, जो उनकी मौत की संभावित वजह बना। जबकि डॉक्टर मोहन शर्मा का दावा है कि इंजेक्शन लगाए जाने से मरीज की मौत नहीं हुई है ये बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर साफ हो जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
