संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलता मिला युवती का शव, मौके पर मिले दस्तावेजों ने पुलिस को उलझाया
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला प्रांगण के पीछे विवेक विहार के एक मकान में युवती की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी मिली है। मकान, भाजपा नेता रामेश्वर भदौरिया का बताया जाता है। वहीं पुलिस को मौके से दो परिचय पत्र और सुसाइट नोट मिले हैं, जिनकी तस्दीक की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाटीपुर थाना अंतर्गत विवेक विहार में भाजपा नेता रामेश्वर भदौरिया का मकान है। इस मकान में अधिकांश किरायेदार रहते हैं। रामेश्वर के बेटे हरेंद्र भदोरिया के मुताबिक भिंड के रहने वाले धर्मेंद्र उर्फ धर्मवीर सिंह तोमर ने शुक्रवार को उनके मकान में कमरा किराए से लिया था। एक-दो दिन में वह किराया और किराए नामे की औपचारिकता पूरी करने की बात कर रहा था। रविवार सुबह धर्मेंद्र उर्फ धर्मवीर सिंह तोमर का रामेश्वर के पुत्र हरेंद्र पर फोन आया कि उसकी पत्नी से कमरे में जाकर किराया ले लो, क्योकिं उसे बाजार जाना है। जब हरेंद्र कमरा नंबर 303 में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था और आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खोला जा रहा था। उसने धर्मेंद्र को फोन लगाकर हालात से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस को सूचना दे दी। कुछ ही देर में थाटीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने खिड़की से झांक कर अंदर देखा तो रसोई में फंदे पर झूलती हुई आरती शर्मा उर्फ आरती तिवारी की लाश नजर आई। रोशनदान से हाथ डालकर कमरे का दरवाजा खोला गया और पुलिस ने धर्मेंद्र उर्फ सोनू उर्फ धर्मवीर तोमर को फोन लगाया। लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचा। प्रारंभिक पड़ताल में पुलिस को कमरे की तलाशी में मौके से दो परिचय पत्र और एक सुसाइड नोट मिला है, जिसकी तस्दीक की जा रही है। थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव के मुताबिक सुसाइट नोट में आरती ने अपने दो बच्चों को छोड़कर आने पर अफसोस जताते हुए आत्महत्या की बात लिखी है और किसी को भी दोषी नहीं ठहराए जाने का उल्लेख किया है। सुसाइट नोट के अलावा मौके से दो परिचय पत्रों ने पुलिस को उलझन में डाल दिया है। इनमें युवती का पता इंदौर का लिखा है। जबकि धर्मेंद्र ने कमरा लेने से पहले बताया था कि युवती मुरैना की रहने वाली है। मौके पर मिले हालातों से माना जा रहा है कि आरती ने मरने से पहले मोबाइल में अपनी कोई वीडियो क्लिपिंग भी बनाई हो सकती है। पुलिस ने सुसाइड नोट, दोनों परिचय पत्र और मोबाइल को कब्जे में लेकर उनके बारे में पुख्ता जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है और धर्मवीर की तलाश शुरू कर दी है।
