संदिग्ध रूप से चिमनी से झुलसी विवाहिता की इलाज के दौरान मौत, परिवार का आरोप, लड़का नहीं होने पर पति और ससुरालीजन करते थे परेशान
ग्वालियर। शहर के महाराजपुरा इलाके में रहने वाली एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, इस महिला को 14 जुलाई को बिरला अस्पताल में जली हुई हालत में भर्ती कराया गया था और ससुरालियों द्वारा बताया गया था कि चिमनी के गिरने से ममता राजपूत नामक महिला जल गई है। ममता की उम्र 38 साल थी और इलाज के दौरान ममता की शनिवार रात को मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि ममता को तीन लड़कियां संतान के रूप में हुई थी और लड़का नहीं होने पर ससुरालीजन उसे मारते पीटते थे। मृतका के भाई पंकज सिंह के अनुसार ममता की शादी राजवीर सिंह के साथ हुई थी। राजवीर की भाभी उसकी दूसरी शादी कराने की कोशिश कर रही थीं। लड़कियां होने के कारण ममता को ससुरालियों के कोप का भाजन बनना पड़ा था। आए दिन उसके साथ मारपीट और घर से निकालने जैसी घटनाएं अंजाम दीं जातीं थीं। इसकी शिकायत उसने अपने मायके पक्ष से भी की थी। शनिवार को ममता की मौत के बाद रविवार को उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया। ममता के भाई पंकज सिंह का आरोप है कि ससुरालियों ने जलाकर उसकी हत्या की है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की भी उन्होंने मांग की है। ममता का पति राजवीर सिंह रिटायर्ड फौजी है और महाराजपुरा इलाके में रहता है महाराजपुरा पुलिस ने ममता की मौत पर मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
