भाजपा नेत्री नीरू सिंह के फ्लैट में घुसकर दो अज्ञात चोरों ने किया बैग पार, चेहरे पर कपड़ा बांधे आरोपियों की तस्वीरें CCTV कैमरे में कैद
ग्वालियर। चोरों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि बहुमंजिला इमारत में पांचवीं मंजिल पर रहने वाले लोगों के फ्लैट में बेधड़क घुसकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला श्रीराम कॉलोनी का है। जहां आज शाम भाजपा नेत्री नीरू सिंह उर्फ जगजीत सिंह के फ्लैट में घुसकर दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरू सिंह पत्नी सर्वजीत सिंह उम्र 48 वर्ष निवासी 501 मधुवन नगर अपार्टमेंट, 31 श्रीराम कॉलोनी ने झांसी रोड थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। इसका मजमून है कि आज शाम नीरू सिंह अचलेश्वर मन्दिर के समीप स्थित आईडीबीआई बैंक गई थीं। इस दौरान उनके पास एक बैग था, जिसमें 15 हज़ार रुपये नगद और उनके बेटे तेजनवीर सिंह के कुछ महत्त्वपूर्ण दस्तावेज आदि रखे थे। भाजपा नेत्री ने पुलिस को बताया है कि वे बैंक के बाद अपने वकील से मिली और उसके बाद संजय कॉम्प्लेक्स में उन्होंने अपना मोबाइल सुधरवाया। बाद में घर आकर अपने फ्लैट में बैग रख दिया। इसी बीच फ्लैट का दरवाजा खुला देख दो युवक आये और बैग पार कर ले गए। दोनो अज्ञात चोरों की तस्वीर अपार्टमेंट में लगे सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हो गई है, जो कि चहरे पर कपड़ा बांधे हुए थे और बाइक पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने नीरू सिंह की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों का सुराग नहीं लग सका है पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
