संभवतः खेल-खेल में 7वीं का छात्र फांसी पर झूला, पुलिस जांच में जुटी
ग्वालियर। गोला का मंदिर क्षेत्र में रहने वाले एक कक्षा 7 वीं के छात्र ने बीती शाम फांसी लगा ली। परिजन को लगता है छात्र घर में पढ़ाई के दौरान संभवतः खेल खेल में फंदे से झूल गया होगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवर्धन कॉलोनी में रहने वाले प्रेम सिंह यादव, अपनी पत्नी व बच्चे के साथ ससुराल में रहते हैं। प्रेम सिंह पेशे से शिक्षक हैं और उनकी पत्नी आंगनवाड़ी में सुपरवाइजर हैं। गुरुवार शाम उनके 12 वर्षीय बेटे मृदुल उर्फ चीपी ने घर में पढ़ाई करते समय फांसी लगा ली। इस दौरान प्रेम सिंह घर की तीसरी मंजिल पर थे और उनकी पत्नी व सास दवाई लेने बाज़ार गईं थी। शाम को करीबन पौने सात बजे जब प्रेम सिंह नीचे आये तब बच्चा उन्हें पंखे पर दुप्पटे से फंदा लगाकर झूलता मिला। परिजन ने बताया कि मृदुल परिवार में इकलौता था और पिण्टों पार्क स्थित विवेकानंद अकादमी में कक्षा 7 वीं का छात्र था। सुबह अंग्रेजी का पेपर देकर आया था तथा हिंदी के पेपर की तैयारी कर रहा था। मृदुल ने सोफे पर कुर्सी और फिर कुर्सी पर स्टूल पर चढ़कर फांसी लगा ली। परिजन ने बताया कि मृदुल को घर में कोई परेशानी नहीं थी। उसने अपने पिता को फांसी लगने से पहले खुशी-खुशी अपनी पढ़ाई की तैयारी के बारे में भी बताया था। उनका मानना है संभवतः मृदुल खेल खेल में फंदे पर झूल गया होगा। वहीं पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजन को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
