प्रवक्ता पद का दायित्व बदलने को लेकर देवाशीष जरारिया ने राहुल गांधी को पत्र लिखा
ग्वालियर। सही मायने में कांग्रेस प्रवक्ता देवाशीष जरारिया की पहचान का पहला माध्यम टीव्ही डिबेट ही हैं। पर अब देवाशीष को लगता है इससे उनकी पार्टी को कोई फायदा नहीं हो रहा। इसीलिए उन्होंने प्रवक्ता पद का दायित्व बदलने के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया है। भिंड-दतिया संसदीय क्षेत्र से चुनाव हारे कांग्रेस प्रत्याशी देवाशीष जरारिया ने अपने पत्र में लिखा है कि टीव्ही डिबेट में तय एजेंडा व प्रोपेगेंडा पर चर्चा होती है, इससे पार्टी को कोई फायदा नहीं होता। इसलिए प्रवक्ता पद का दायित्व बदलना चाहिए। प्रवक्ता को सोशल मीडिया के सहारे या फिर क्षैत्र में जाकर अपनी बात रखना चाहिए। रविवार अपने आवास पर चुनिंदा पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाये जाने वाले कैबिनेट मंत्री इमरती देवी के बयान पर सहमति जताते हुए कहा कि सिंधिया सीनियर नेता हैं अगर पार्टी को लगता है तो ये निर्णय लिया जा सकता है। भिंड-दतिया संसदीय क्षेत्र से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी मिली हार को लेकर देवाशीष का कहना है कि ईव्हीएम के अलावा फ्लोटिंग वोट और अनुभव का आभाव हार की वजह रहा। इस दौरान देवाशीष जरारिया भाजपा नेताओं के कमलनाथ सरकार को लेकर दिए जा रहे बयानों से नाराज नजर आए। उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि प्रचण्ड बहुमत मिलने के मद में वे चूर ना हों। क्योकि जिन राजा-महाराजाओं ने डेढ़ सौ साल राज किया, आखिर उनका भी राजपाठ कायम नहीं रह सका। बार-बार विधायकों की खरीद-फरोख्त की बातें सुनने में आना लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास करना है।
