अगर कोई जीतने वाला व्यक्ति होता है तो पार्टी उसके बारे में जरूर विचार करती है - नरेंद्र सिंह तोमर
ग्वालियर। नेता पुत्रों के टिकिट मांगने को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर जायज ठहरा रहे हैं। गृहनगर प्रवास पर पत्रकारों के सवालों के जबाब में उन्होंने कहा कि हम भारतीय समाज के लोग हैं। समाज में जो चीजें व्याप्त रहतीं है उससे कोई भी राजनैतिक दल अछूता नहीं रहता। किसी नेता के पुत्र ने टिकिट मांगा हो यह पहली बार नहीं हुआ। जहां नेताओ के पुत्र भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के रूप में काम करते हैं, वहां निश्चित रूप से उनका नाम आता है चर्चा में रहता है और चर्चा के बाद अगर कोई जीतने वाला व्यक्ति होता है तो पार्टी उसके बारे में जरूर विचार करती है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के चुनाव क्षैत्र को लेकर चल रही वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी पर जब उनकी राय जानना चाही तो उनका कहना है कि ये कांग्रेस का अंदरूनी मामला है कौन, कहां से लड़े, ये कांग्रेस को तय करना है। मैं तो सिर्फ इतना जानता हूँ, जहां कांग्रेस लड़ेगी, उसके विरोध में भाजपा लड़ेगी, और भारतीय जनता पार्टी जीतने के लिए लड़ेगी और पूरी ताकत से,बड़ा हो छोटा हो, कठिन हो सरल हो, हर क्षेत्र में कांग्रेस को परास्त करेगी। श्री तोमर से जब पत्रकारों ने कांग्रेस के कद्दावर नेता और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के उस बयान के बारे में जानना चाहा जिसमें उन्होंने गुना में कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर चिंता जताई थी उड़ पर श्री तोमर ने कहा कि नहीं ये पहली बार नहीं है। गुना में वह लोकसभा का चुनाव जीत जाते हैं और गुना, शिवपुरी में अनेक विधानसभाओं में हम जीत जाते हैं। यही लोकतंत्र है, जनता का फैसला है, समय-समय पर आता रहता है। आगामी लोकसभा चुनाव पर बीजेपी की तैयारियों को लेकर नरेंद्र सिंह तोमर कहतें हैं कि हमारी तैयारी 29 लोकसभा क्षेत्रों को लेकर है हमारी तैयारी अच्छी है और किसी भी सीट पर भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ेगी। आगे उन्होंने अपना नाम दो संसदीय सीटों से जोड़े जाने के सवाल पर कहा मैं उन सब कार्यकर्ताओ को धन्यवाद देना चाहता हूं जो भिन्न-भिन्न क्षेत्रों से मेरा नाम ले रहे हैं। लेकिन मैं कहाँ से चुनाव लड़ूंगा, यह तय करना ना तो मेरे अधिकार क्षेत्र में है न और किसी अन्य कार्यकर्ता के अधिकार क्षेत्र में है। यह चुनाव समिति के अधिकार क्षेत्र में है। चुनाव समिति जो विचार करेगी, निर्णय करेगी, एक कार्यकर्ता के नाते मैं उसे पालन करूंगा। पुराने उम्मीदवारों को दरकिनार करके भाजपा द्वारा नए प्रयाशी लोकसभा चुनाव में उतारने के सवाल पर उनका मानना है कि स्वाभाविक रूप से चुनाव के समय अनेक प्रकार की रणनीतियां होती हैं। अनेक प्रकार की योजनाएं होतीं हैं और उन योजनाओं पर समय-समय पर अमल करते रहना चाहिए।
