कार से मिले 60 लाख के स्वर्ण आभूषण, एसएसटी और एफएसटी ने चैकिंग में किये जब्त
ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले भर में चल रही चेकिंग के दौरान शुक्रवार रात को आगरा की एक कार से पुलिस को 3 किलो सोना मिला है। जिसकी बाजारू कीमत तकरीबन साठ लाख रुपए बताई गई है। यह सोना जेवरात की शक्ल में है जिसे आगरा का व्यापारी झांसी से आगरा ले जा रहा था। वह अपनी काले रंग की वॉक्सवैगन कार में सिरोल क्षेत्र के चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचा तभी दूसरे प्रदेश की गाड़ी को देखते हुए पुलिस ने उसे रोक लिया। मामला संदिग्ध लगा तो कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान काले रंग के बैग में पुलिस को बड़ी मात्रा में स्वर्ण आभूषण रखे मिले। उक्त आभूषण पॉलीथिन के बैग में पैक थे और सब पर अलग-अलग टैग लगे हुए थे। सोने का वजन करीबन 3 किलोग्राम से ज्यादा था। इस सोने के बारे में कार सवार कमलेश मिश्रा उर्फ विष्णु निवासी रामबाग आगरा कोई जवाब नहीं दे सका और ना ही उसने कोई कागजात चेकिंग टीम के सामने पेश किये। इसी के चलते एफएसटी टीम ने उक्त जेवरातों को विधिवत जप्त कर लिया। कार्यवाही के दौरान एफएसटी टीम के प्रभारी सेक्टर मजिस्ट्रेट भानु सिंह एवं पुलिस उप निरीक्षक संतोष चौहान मौजूद थे। बताया जा रहा है जब्त स्वर्ण आभूषणों में पेंडल, टॉप्स, लेडीज अंगूठी, जेंट्स अंगूठी आदि शामिल हैं। पुलिस ने कमलेश से जब्त माल से जुड़े दस्तावेजों मांगे है। ताकि पता चल सके कि उक्त माल टेक्स चोरी का अथवा तस्करी का तो नहीं है।
