खलल डाला तो खैर नहीं, पुलिस ने दिखाई ताकत, संवेदनशील मतदान केंद्रों पर निकाला फ्लैग मार्च

ग्वालियर। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी तारतम्य में बुधवार शाम को उन इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया जहां 2 अप्रैल को भारत बंद के दौरान जमकर जातीय हिंसा हुई थी। जिसमें तीन अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की मौत हो गई थी। दो मौतें थाटीपुर क्षेत्र में हुई थी जबकि एक मौत डबरा में हुई। गौरतलब है कि एससी एसटी एक्ट के संशोधन के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह जातीय हिंसा फैली थी जिसके कारण मुरार थाटीपुर गोला का मंदिर में कर्फ्यू जैसी स्थिति बन गई थी। खास बात यह है कि इन क्षेत्रों में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों की भारी तादात है। पिछले दिनों इसी समुदाय के कुछ लोगों ने प्रभावशाली लोगों के डर से अपने मतदान केंद्र को बदलने की मांग भी जिला प्रशासन से की थी। लेकिन जिला प्रशासन ने उनकी मांग को तो नहीं माना बल्कि उन्हें यह जताने की कोशिश की है कि वह निष्पक्ष होकर मतदान में हिस्सा लें, सुरक्षा की जिम्मेवारी जिला प्रशासन की है। इसलिए पुलिस बल ने बीएसएफ की एक कंपनी के साथ पूरे इलाके में फ्लैग मार्च किया ।इस फ्लैग मार्च में बीएसएफ की एक कंपनी के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एसपी और थाना प्रभारी शामिल थे। पुलिस प्रशासन का कहना है कि लोग निष्पक्ष होकर मतदान में हिस्सा ले और गड़बड़ी करने वालों के लिए पुलिस की तैयारी पूरी है। पुलिस ऐसे किसी भी तत्व को जो गड़बड़ करेगा उसे बख्शने के मूड में नहीं है। फ्लैग मार्च के चलते लोग काफी हैरानी से देखते रहे क्योंकि चुनाव में लंबा अरसा है लेकिन काफी पहले ही फ्लैग मार्च निकालना निश्चित ही शांति प्रिय लोगों को थोड़ा सुकून दे सकता है।