गांधी एक दर्शन है जो राजनीतिक सुचिता का पोषक है : श्याम सरीन

ग्वालियर ! गांधी एक दर्शन है जो राजनीतिक सुचिता का पोषक है । गांधी ने दुनियां को अहिंसा के माध्यम से सशक्त बनने का मार्ग दिखाया । गांधी जी के जीवन पर भगवतगीता का प्रभाव था । वे महामानव थे और मानवतावादी सिद्धांतों पर चलने वाले थे । गाँधी जी को राष्ट्रपिता के नाम से सर्वप्रथम 6 जून 1947 को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने संबोधित किया । यह बात महात्मा गांधी की 150 वीं जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में माधव महाविद्यालय के अटल सभागार में " गांधी एक दर्शन " विषय पर आयोजित व्याख्यान में मातृवेदी संस्था के सचिव एवं आकाशवाणी के पूर्व उदघोषक श्याम सरीन ने उपस्थित छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कही । प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कार्यक्रम संयोजक एवं राजनीति विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. नीलेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि प्रसिद्ध गांधीवादी चिंतक योगेन्द्र जादौन थे । श्री जादौन ने अपने उदबोधन में कहा कि खादी वस्त्र नहीं विचार है । युवा यदि खादी को अपनाएंगे तो निश्चित ही गाँधी को अपने नजदीक पाएंगे । अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. प्रदीप वाजपेयी ने की। उन्होंने गाँधी के जीवन दर्शन को अपनाने की छात्रों से अपील की और गाँधी जी की तरह अपने इरादों में दृणता लाने की बात कही । इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रदीप वाजपयी द्वारा प्रमुख वक्ता श्याम सरीन एवं योगेन्द्र सिंह जादौन को शॉल , श्रीफल से सम्मानित किया । कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश मिश्रा ने व आभार प्रदर्शन डॉ. नीलेन्द्र सिंह तोमर ने किया । इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक व महाविद्यालय के छात्र छात्राएँ उपस्थित थे ।