राहुल गांधी पर आचार सहिंता उल्लंघन का आरोप, निर्वाचन आयोग को भेजी गई शिकायत

ग्वालियर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का शहर में हुआ रोड शो एक बार से फिर विवादों में है । बीजेपी से जुड़े और अधिवक्ता अवधेश तोमर ने राहुल गांधी पर आचार सहिंता उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। अधिवक्ता अवधेश ने राहुल गांधी की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।  सोमवार शाम को राहुल गांधी ने शहर में रोड शो किया था। अधिवक्ता अवधेश तोमर का आरोप है राहुल जिस मिनी ट्रक में सवार हुए थे, उससे यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ, साथ ही लोग घण्टों जाम में फंसे रहे। इतना ही नहीं अवधेश का कहना है प्रदेश में आचार सहिंता लागू है और राहुल गांधी के बैनर, पोस्टर व होर्डिंग बिजली के खम्बों एवं नगर निगम के भवनों पर टांगे गए। इससे आदर्श आचरण सहिंता का उल्लंघन हुआ है। अधिवक्ता अवधेश तोमर ने इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग, राज्य निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं कलेक्टर को भेजी है। उनका कहना है कि 15 दिवस के भीतर अगर कार्रवाई नहीं होती है तो वह हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगे। गौरतलब है कि अधिवक्ता अवधेश तोमर ने इससे पहले वर्ष 2013 में चुनाव के दौरान राहुल गांधी के रोड शो को लेकर यातायात नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिसे कोर्ट द्वारा खारिज कर दिया गया था। लेकिन वाहन की छत पर बैठने के कारण कांग्रेस नेता की तरफ से 500 रूपये जुर्माना जरूर जमा कराया गया था।