महारानी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया ने भी सुनी सभा, इशारों में किया तालियां जोर से बजाने का आग्रह
ग्वालियर। सिंधिया राजपरिवार की महारानी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया फूलबाग मैदान पर आयोजित आभार सभा सुनने पहुची। राहुल गांधी के रोड शो के बाद सभी नेता मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन गोविंद सिंह राजपूत कर रहे थे। जैसे ही उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम सभा को संबोधित करने के लिए पुकारा तो यकायक प्रेस दीर्घा के पीछे किसी की मौजूदगी का अहसास हुआ। मंच के दाहिने तरफ पर्दे और दीवार की आड़ में महारानी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया खड़ी थीं और ताली बजा रहीं थीं। प्रेस दीर्घा के पास महिला कांग्रेस की नेत्रियां बैठी थीं। महारानी को पीछे देख, उनका उत्साह दुगना हो गया और महारानी, महारानी चिल्लाने लगी। इतना ही नहीं महिला नेत्रियों ने उठकर महारानी की तरफ दौड़ भी लगा दी। जिन्हें अपनी तरफ आता देख, महारानी, अपने स्थान हटीं और पर्दे व दीवार की आड़ में आ गई। अब तक सभा में मौजूद सभी की निगाहें मंच के दाहिनी और कोने की ओर थीं। मंचासीन नेताद्वय भी नहीं समझ पा रहे थे कि आखिर माजरा क्या है। इस दौरान सिंधिया जैसे ही मंच की तरफ बड़े तो सभा में उपस्थित भीड़ ने तालियां बजाना शुरू कर दिया। तभी महारानी ने इशारों में लोगो से ताली जोर से बजाने का आग्रह किया। लिहाजा सभा में हर कोई तालियां पीटने लगा। तब तक मंचासीन नेता भी समझ गए थे कि महारानी खड़ी हैं और सभा सुनने आईं हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने उपस्थित जन एवं रोड शो में हुए शानदार स्वागत पर आभार जताते हुए सिंधिया राजपरिवार को शहरवासियों का ऋणी बताया। तो महारानी ने लोगो की तरफ देखकर तालियां बजाईं। यानी महारानी ने भी अपने इस अंदाज से लोगों आभार व्यक्त किया। इस दौरान एक युवती महारानी के समीप एक मैगजीन लेकर पहुची। तो महारानी ने सुरक्षाकर्मी से मैगजीन ली और युवती ने अपने मोबाइल से उनकी फोटो भी क्लिक की। कई दफा उनका पल्लू सिर से गिर गया तो वह बार बार सिर ढंकती देखी गईं। महारानी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया को इसी सादगी के लिए जाना जाता है। सिंधिया के बाद सभा को राहुल गांधी ने संबोधित किया। उन्होंने, उनका भाषण भी सुना। राहुल गांधी का उद्बोधन खत्म होते ही सभा का संचालन कर रहे गोविंद सिंह राजपूत ने आभार व्यक्त करने के लिए रमेश अग्रवाल को आमंत्रित किया तो सभी नेता अपनी कुर्सी से उठकर आगे की ओर आ गए, जिन्हें देख महारानी वापस महल की ओर रवाना हो गईं। ( रविन्द्र प्रताप सिंह कुशवाह )