महिलाओं को पहली पंक्ति में लाना समाज की प्राथमिकता होना चाहिए : ज्योतिरादित्य सिंधिया

ग्वालियर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि महिलाओं को पहली पंक्ति में लाना समाज की प्राथमिकता होना चाहिए। बिना महिलाओं की प्रगति के समाज विकास नहीं कर सकता है, क्योंकि महिलाओं में नेतृत्व की अपार शक्ति निहित है। उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के मुकाबले कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं उन्हें रसोई तक सीमित रखना नाइंसाफी होगी। उन्होंने कहा कि जैन धर्म हजारों सालों से जियो और जीने दो के सिद्धांत का अनुसरण करने वाला समाज रहा है। जिस समाज में क्षमा वाणी जैसे आयोजन होतें हैं। असल में अहिंसा का पुजारी यही समाज है और यही बातें उसे महान बनाती हैं। सिंधिया, रविवार को जैन हॉस्टल में युवा जैन सम्मेलन में शिरकत कर रहे थे। जहां उन्होंने युवा जैन प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया। उन्होंने जैन समुदाय से अपनी पीढ़ियों के ना सिर्फ रिश्तों को जाहिर किया साथ ही जैन समाज को सलाह भी दी कि वे अगली बार जब युवा सम्मेलन आयोजित करें तो महिलाओं की संख्या ज्यादा हो।