महिलाओं से किया गया अपराध किसी भी सूरत में क्षमा योग्य नहीं : ज्योतिरादित्य सिंधिया
ग्वालियर। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि जिस देश में महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है वहां उनके विरुद्ध अत्याचार अत्यंत निंदनीय और घृणित कृत्य है। रविवार को एक स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे सिंधिया ने कहा कि मध्य प्रदेश बलात्कार और छेड़छाड़ की राजधानी बन चुका है। महिलाओं पर आए दिन अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही है। जब उनसे पूछा गया कि विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर पर महिला उत्पीड़न के आरोप लगे हैं तो उन्होंने कहा कि मंत्री अकबर के इस्तीफे की पेशकश के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। लेकिन महिला संबंधी अपराधों में लगाए गए आरोपों पर ऐसे लोगों को आगे आकर अपनी अंतरात्मा की आवाज पर कोई फैसला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं से किया गया अपराध किसी भी सूरत में क्षमा योग्य नहीं है।