पालीथिन जब्त कर वसूल किया जुर्माना
ग्वालियर। नगर निगम ग्वालियर द्वारा पॉलिथिन पर प्रतिबंध को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को शहर के विभिन्न प्रमुख बाजारों में अभियान चलाकर पॉलीथिन का क्रय एवं विक्रय करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की गई। इस दौरान 10 हजार रुपए से अधिक का जुर्माना वसूल किया गया एवं लगभग 1 क्विंटल से अधिक पॉलीथिन जब्त की गई।
स्वास्थ्य अधिकारी सत्यपाल सिंह चौहान के निर्देशन में की जा रही कार्यवाही के तहत उपनगर ग्वालियर में उपायुक्त जागेश श्रीवास्तव एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी गौरव सेन, श्रीकृष्ण शर्मा द्वारा सागरताल रोड पर ज्योति डेयरी, कृष्णा डिस्पोजल, शिवम किराना, जगदीश डेयरी एवं पहलवान डेयरी सहित अन्य दुकानों पर कार्यवाही कर लगभग 60 किलो से अधिक पॉलीथिन जब्त की तथा 6750 रुपए का जुर्माना वसूल किया। कार्यवाही के दौरान डब्ल्यू एच ओ विजय कुमार, दिलीप, विशम्भर सहित अन्य अमला मौजूद रहा। वहीं माधौगंज क्षेत्र मे भी अभियान चलाकर कार्यवाही की गई तथा जुर्माना वसूल किया गया। कार्यवाही के दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी भीष्म पमनानी एवं डब्ल्यूएचओ लक्ष्मण आदि उपस्थित रहे।