15 और 16 अक्टूबर को ग्वालियर संभाग के दौरे पर राहुल गांधी, 6 जनसभाओं के साथ 2 स्थानों पर करेंगे रोड शो

भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 15 और 16 अक्टूबर को ग्वालियर संभाग के दौरे पर रहेंगे। वे 6 जनसभाओं को संबोधित करेंगे और 2 स्थानों पर रोड शो करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी इन कार्यक्रमों में पूरे समय राहुल गांधी के साथ मौजूद रहेंगे।
 

प्राप्त जानकारी के अनुसार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 15 अक्टूबर को सुबह साढ़े दस बजे विशेष विमान से ग्वालियर पहुंचेंगे। वे वहां से सुबह पौने ग्यारह बजे हैलीकाप्टर से रवाना होकर 11.15 बजे दतिया पहुंचेंगे और वहां 11.30 से 12.00 बजे तक माँ पीताम्बरापीठ के दर्शन करेंगे। राहुल गांधी दोपहर 12 बजे से 1.30 बजे तक दतिया स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद हैलीकाप्टर से ढाई बजे डबरा पहुंचेंगे, जहां जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी हैलीकाप्टर से 4.15 बजे डबरा से ग्वालियर रवाना होंगे। ग्वालियर में 5.15 बजे माधव राव सिंधिया की समाधि पर श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे। शाम 5.30 से 7.30 बजे तक ग्वालियर शहर में रोड.शो करेंगे। रोड.शो के दौरान अचलेश्वर महादेव मंदिर, जयेन्द्रगंज सर्किल, दाल बाजार रोड, नया बाजार रोड, जिंसी सर्किल, हुजरात .कोतवाली रोड, दौलतगंज क्रासिंग, महाराजबाड़ा, दरगाह हजरत मीर बादशाह साहिब, सराफा बाजार, गस्त का ताजिया, राम मंदिर, छापरवाला पुल, शिन्दे की छावनी चौराहा, नौगजा रोड, अंबेडकर उद्यान फूल बाग चौराहा, फूलबाग मैदान पहुंचेंगे। राहुल गांधी फूलबाग मैदान में आम सभा को संबोधित करेंगे।

प्रवास के दूसरे दिन राहुल गांधी 16 अक्टूबर को सुबह 10.45 बजे ग्वालियर फोर्ट स्थित गुरूद्वारा श्री दाता बंद छोड़ साहिब में मत्था टेकने जाएंगे। इसके उपरांत  दोपहर 12 बजे हैलीकाप्टर से श्योपुर पहुंचकर वहां मेला ग्राउंड में आमसभा को संबोधित करेंगे। वे 2.30 बजे हैलीकाप्टर से सबलगढ़ पहुंचकर मंडी प्रांगण में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी सबलगढ़ से हैलीकाप्टर से रवाना होकर 4.३० बजे जौरा पहुंचेंगे और मंडी प्रांगण में जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी 5.45 बजे जौरा से बस पर रवाना होकर 26 किमी लंबे मार्ग पर मुरैना तक रोड शो करेंगे, रास्ते में बिलगांव, बागचीनी, मुंगावली और मुरैना गांव में उनका स्वागत किया जायेगा। राहुल गांधी 6.45 बजे सड़क मार्ग से मुरैना से रवाना होकर 7.45 बजे ग्वालियर विमान तल पहुंचेंगे। जहां से विशेष विमान से दिल्ली के लिये रवाना हो जायेंगे।