स्नेहालय मामले में हाईकोर्ट सख्त, सरकार से माँगा जबाब
ग्वालियर। स्नेहालय को लेकर हाई कोर्ट ग्वालियर बेंच में जनहित याचिका दायर की गई है। इस याचिका में जिला प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया गया है। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता सुरेश कुशवाह ने बताया की याचिका में कहा गया है कि बाल संरक्षण अधिनियम की धारा 41और42 के तहत कोई भी संस्था बिना पंजीकरण के नहीं चलाई जा सकती है। यदि कोई ऐसा करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और उस पर एक लाख का जुर्माना और 1 साल की सजा का भी प्रावधान है। बावजूद इसके बिना पंजीकरण के कई सालों तक स्नेहालय किस तरह चलता रहा। गौरतलब है कि स्नेहालय में मूक-बधिर एक लड़की के साथ दुष्कर्म और गर्भपात का मामला पिछले दिनों सामने आया था। इस मामले में 8 लोगों के खिलाफ नामजद कार्यवाई की गई थी। जिसमें 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है जबकि 2 आरोपी अब भी फरार हैं। हाई कोर्ट ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि अवैध रूप से संचालित स्नेहालय को लेकर कोर्ट का पत्र सरकार को भेजा जाए और 4 सप्ताह में सरकार से जवाब मंगाया जाए। याचिका में यह भी मांग की गई है कि वहां रहने वाले लोगों की दवाई सुरक्षा और खान पीन की व्यवस्था की जाए, साथ ही अव्यवस्थाओं के लिए दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।