बीजेपी में "आल इज वेळ"
ग्वालियर। राजनीति में जनता से किये वादे भले ही पूरे ना हों पर समयानुसार गियर बदलना संभव है। मंत्री जयभान सिंह पवैया को महल विरोधी माना जाता रहा है लेकिन अब शायद उनका ये अंदाज बीते दिनों की बात हो गई है। मंत्री पवैया शुक्रवार को बेहद भावुक अंदाज में नजर आए। मौका था कटोराताल ताल के सामने अम्मा बाई की समाधि पर आयोजित राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जन्मशताब्दी पर आयोजित महिला सशक्तिकरण मैराथन दौड़ का। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान पवैया अन्य अतिथियों के साथ मंचासीन थे। कल तक जो पवैया सिंधिया राजवंश पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ते थे वही पवैया राजमाता सिंधिया के समर्पण और त्याग की बातें पत्रकारों से साझा कर रहे थे। पवैया को जानने पहचानने वाले उनके इस अंदाज को देखकर ना सिर्फ हैरान थे, बल्कि कार्यक्रम में मौजूद हर कोई पवैया की उपस्थित पर सिर्फ एक बात कह रहा था। बीजेपी में "आल इज वेळ" है। हालांकि अपनी दादी को श्रद्धासुमन अर्पित करने समाधि स्थल पहुचे कांग्रेस नेता और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बीजेपी के चाल, चरित्र और चेहरे पर ग्वालियर आगमन के दौरान स्टेशन पर ही निशाना साध दिया था। लिहाजा कार्यक्रम में पवैया की मौजूदगी ने सिंधिया की बातों को बल जरूर दे दिया है। क्या यह नियम कमल दल में सभी पर फिट बैठता है यह भविष्य के गर्भ में छिपा है। खैर कुछ भी हो पर इतना तो तय आक्रमक भाषा शैली पसंद करने वाले श्रोता निराश नहीं होंगे।