कलेक्टर व एसपी ने लिया मतदान केंद्रों का जायजा, बलनरेबिल्टी के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाई के दिये निर्देश
ग्वालियर । वल्नरेबल एवं संवेदनशील मतदान केन्द्रों से जुड़ी बसाहटों में कार्यपालिक दण्डाधिकरी एवं पुलिस अधिकारी सतत रूप से भ्रमण करें। साथ ही वल्नरेबिल्टी के लिहाज से संदेहास्पद लोगों के खिलाफ अभियान बतौर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करें, जिससे मतदाताओं में विश्वास कायम हो और वे निर्भीक होकर वोट डाल सकें। यह निर्देश कलेक्टर अशोक कुमार वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने मतदान केन्द्रों का जायजा लेते समय संबंधित अधिकारियों को दिए।
अधिकारियों ने बुधवार को जिले के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-14 ग्वालियर ग्रामीण के लगभग एक दर्जन मतदान केन्द्रों का जायजा लिया। उन्होंने केन्टोनमेंट कार्यालय परिसर, बंशीपुरा, बड़ागाँव, खुरैरी, मोहनपुर, उदयपुरा इत्यादि बसाहटों में बनाए गए मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान मुरार के एसडीएम नरोत्तम भार्गव व तहसीलदार नरेश गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।
कलेक्टर श्री वर्मा ने हिदायत दी कि सभी मतदान केन्द्रों की बाहर की दीवार पर स्पष्ट रूप से मतदान केन्द्रों से संबंधित जानकारी प्रदर्शित कराई जाए। साथ ही मतदान केन्द्रों में बुनियादी सुविधाओं की भी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम का भी कड़ाई से पालन कराया जाए। अनुमति बगैर यदि किसी भी राजनैतिक दल अथवा प्रत्याशी द्वारा झण्डे, बैनर आदि लगाए जाएँ अथवा फिर दीवार लेखन कराया जाए तो उसे हटाकर संबंधित के खिलाफ संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण भी दर्ज कराए जाएँ।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि मतदान केन्द्रों से सटे निजी भवनों के मालिकों को साफ तौर पर ताकीद कर दें कि मतदान के दिन अपने घरों की छतों या दीवार पर खड़े होकर मतदान केन्द्र की ओर ताका-झाकी न करें। साथ ही मतदान दिवस को घर के सदस्यों के अलावा अन्य लोगों की भीड़ अपने घर में न आने दें। अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि मतदान दिवस को मतदान में किसी तरह की बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को हिदायत दी कि मतदान केन्द्र में प्रवेश एवं बाहर जाने के पृथक-पृथक रास्ते निर्धारित किए जाएँ, जिससे सुव्यवस्थित व सुचारू रूप से मतदान सम्पन्न हो सके। उन्होंने मतदान केन्द्रों में साफ-सफाई कराने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही जिन मतदान केन्द्रों की खिड़की व दरवाजे कमजोर हैं उनकी अभियान बतौर मरम्मत कराने की बात कही।