चेंबर ऑफ़ कॉमर्स ने लगाया फ़ूड इंस्पेक्टर पर अवैध वसूली का आरोप, सौंपा सीएसपी को ज्ञापन, की सख्त कार्यवाही की मांग
ग्वालियर | शंकरपुर इण्डस्ट्रियल एरिया में स्थापित लघु इकाईयों से फूड इंस्पेक्टर द्बारा निरीक्षण की कार्यवाही के नाम पर अवैध वसूली किये जाने का चैंबर ऑफ़ कॉमर्स ने आरोप लगाया गया। चेंबर ऑफ़ कॉमर्स ने प्रेस रिलीज जारी कर दोषियों पर सख्त कार्यवाही किये जाने की मांग की है और पूरे घटनाक्रम पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
मध्य प्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री के अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, मानसेवी सचिव डॉ. प्रवीण अग्रवाल, मानसेवी संयुक्त सचिव जगदीश मित्तल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल ने संयुक्त रूप से प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया है कि शंकरपुर इण्डस्ट्रियल एरिया में स्थापित लघु उद्यमियों ने बुधवार को चेम्बर सचिवालय में आकर बताया कि विगत ८ अक्टूबर को फूड इंस्पेक्टर रवि शिवहरे एवं लखन लाल कोली द्बारा मंगल पैकेजिंग सहित अन्य इकाईयों पर निरीक्षण की कार्यवाही गलत उद्देश्य से की गई क्योंकि उक्त इण्डस्ट्रियल एरिया में फूड की कोई भी इकाई स्थापित नहीं है| मंगल पैकेजिंग के संचालक ने जब इस अवैध कार्यवाही का विरोध किया तो तो उन्हें झूठी कागजी कार्यवाही का भय दिखाया गया तथा २० हजार रूपये रिश्वत के रूप में मांगे, रूपये न देने पर इकाई संचालक के साथ गाली-गलौच की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का झूठा प्रकरण मंगल पैकेजिंग के संचालक के खिलाफ पंजीबद्घ करा दिया गया है|
शंकरपुर इण्डस्ट्रियल एरिया के लघु उद्यमियों ने उक्त अवैधानिक कार्यवाही के विरोध में सीएसपी ग्वालियर हेमन्त तिवारी को एक ज्ञापन सौंपा तथा वस्तुस्थिति से अवगत कराते हुए फूड इंसपेक्टर्स के विरूद्घ कड़ी कार्यवाही की मांग की| इस पर श्री तिवारी द्बारा ज्ञापन को जांच में लिए जाने की बात कहते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है|
साथ ही चेम्बर पदाधिकारियों ने फूड इंस्पेक्टर्स की इस अवैध एवं जबरिया कार्यवाही पर रोष जताते हुए फूड इंस्पेक्टर रवि शिवहरे एवं लखन लाल कोली पर कड़ी कार्यवाही की मांग करते हुए मंगल पैकजिंग के संचालक दिनेश अग्रवाल उर्फ दिनेश मंगल पर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के दर्ज किए गये झूठे प्रकरण को निरस्त करने की मांग की है|