नवरात्रि महोत्सव का भव्य शुभारंभ, मां दुर्गा की आराधना में लीन हुए भक्त
ग्वालियर। महानगर में नवरात्र की धूमभाम के साथ शुरुआत हो गई। कई स्थानों पर महामाई भव्य दरबार में शोभित हो रहीं है। पूरे भक्तिभाव से मईया के भक्त उनकी आराधना में लीन हो गए हैं। अधिकांश मां दुर्गा के दरबार रंग-बिरंगी रोशनी में नहा रहे हैं। जिसका आंनद दिन ढलने के बाद लिया जा सकता है। नगर के दैवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया है। "जय माता दी" के जयकारों से मंदिर गूंज रहे हैं। चारों तरफ माता रानी का लोग स्वागत कर रहे हैं। माहौल बेहद धार्मिक और उत्साह से भर देने वाला है। इससे पहले आज यानी बुधवार को नवरात्र के शुभारंभ अवसर पर मां दुर्गा के भक्त टोलियों में प्रतिमा लेने पहुचे। पूरे विधिविधान के साथ मां की मूरत की पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत भक्त गाजे-बाजे ओर आतिशबाज़ी फोड़ते हुए चल समारोह के रूप में नाचते-गाते शहर की सड़कों से गुजरे। इनमें सभी वर्ग के लोग शामिल रहे। खासकर युवा वर्ग की अधिकता देखने को मिली। अल सुबह से गाजे बाजे और पटाखों की आवाजें नवरात्र के शुभारंभ का शंखनाद कर रहीं थीं। वहीं, मां की आराधना का पारंपरिक तरीका गरबा-डांडिया को भी माना जाता है। इसीलिए कई स्थानों पर पूर्व से ही भक्त गरबा-डांडिया का प्रशिक्षण ले रहे थे। नवरात्र के शुभारंभ के साथ ऐसे धार्मिक आयोजनों की शुरुआत हो गई। जो नौ दिन यानी पूरे नवरात्र में लोगों आकर्षण का केंद्र रहेंगे।