महिलाओं के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में बनेंगे विशेष बूथ, महिला ही पीठासीन अधिकारी, सुरक्षा की कमान भी महिलाओं को

ग्वालियर। आचार संहिता लगने के बाद अब चुनाव आयोग ने मतदान के प्रति रुझान जगाने के लिए इस बार महिलाओं के लिए विशेष प्रयोग किया है। इस प्रयोग में ऐसे संभ्रांत क्षेत्रों में महिलाओं के लिए विशेष बूथ बनाए जाएंगे ,जहां महिलाएं कम संख्या में हिस्सेदारी करती हैं। महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में 5 पिंक पेपर बूथ बनाए जा रहे हैं ।नवंबर में होने वाले चुनाव में इन बूथों को विशेष प्रकार से रंगा जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, यह प्रयोग पहली बार किया जा रहा है। महिलाओं की मतदान में ज्यादा भागीदारी हो उन्हें प्रेरित करने के लिए इस तरह के विशेष बूथ बनाए जाएंगे। यह शांतिप्रिय क्षेत्रों में होंगे जहां सुरक्षाकर्मी से लेकर पीठासीन अधिकारी और प्रत्याशी की महिला समर्थक को ही पोलिंग बूथ एजेंट बनाया जाएगा। इससे प्रशासन को दो तरह के फायदे होने की उम्मीद है। पहला तो महिलाओं में मतदान के प्रति जागरूकता आएगी। जिसमे बिना की झिझक के महिला मतदाता मतदान कर पाएंगी। वही महिला आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भी इस बूथ पर ड्यूटी रहेगी। ताकि वे क्षेत्र की महिलाओं को पहचान सके। महिला बूथ पर वैसे तो हिंसा की संभावना ना के बराबर होती है लेकिन फिर भी यहां महिला सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी। फर्जी वोटिंग की संभावना भी ऐसे बूथों में ना के बराबर होगी। ग्वालियर में 6 विधानसभा क्षेत्र हैं। इस लिहाज से तीस पिंक पेपर बूथ यहां स्थापित करने के लिए प्रशासन ने स्थान चिन्हित करना शुरू कर दिया है। जिन्हें जल्द ही घोषित कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसे महिला बूथ स्थापित नहीं किए जाएंगे।