नंदू भैया पर गुंडई किये जाने का आरोप, सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हुई करतूत है आधार
ग्वालियर। बीजेपी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और सांसद नंदकुमार चौहान, उनके सुरक्षा कर्मी व समर्थकों पर दो टोल कर्मी के साथ मारपीट किये जाने का आरोप लगा है। सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हो रहे हैं। दावा किया जा रहा है ये शिवपुरी में कोलारस के पूरनखेड़ी टोल नाके की सीसीटीव्ही फुटेज हैं। जिनमें एक वीडियो में नन्दू भैया एक टोल कर्मचारी को 'कंटाप' दे रहे हैं तो दूसरे वीडियो में उनकी मौजूदगी में सुरक्षा कर्मी टोल कर्मचारी को जबरदस्त ढंग से 'लतिया' रहे हैं। टोल नाके के मैनेजर महेंद्र सिंह तोमर का कहना है कर्मचारी ने जब लग्जरी गाड़ी में सवार नेताजी की गाड़ी रोकी, तो उनका कहना था कि वे सांसद हैं। इस पर जब उनका परिचय पत्र मांगा तो सांसद और उनके साथ वाहन में सवार समर्थकों व सुरक्षा कर्मी ने मारपीट कर दी। जिसमें दो कर्मी घायल हो गए। हालांकि अभी तक नन्दू भैया का कोई जबाब सामने नहीं आया है। हाल ही में मध्य प्रदेश में बीजेपी का मीडिया मैनेजमेंट प्रभारी संबित पात्रा को बनाया गया है और ये सीसीटीव्ही फुटेज लगभग सभी न्यूज़ चैनल पर प्रमुखता से दिखाए गए और समाचार पत्रों के पहले पेज पर प्रकाशित किये गए हैं। बाबजूद इसके नवागत मीडिया मैनेजमेंट प्रभारी का कोई बयान अब तक सामने नहीं आया है। लिहाजा, सोशल मीडिया पर भाजपाई इसे नन्दू भैया की छवि खराब किये जाने का प्रयास बता रहे हैं। ऐसे में सवाल उठता है इन्हें मारपीट किये जाने का अधिकार किसने दिया ?