नकारात्मकता को सफलता में परिवर्तित करने पर निश्चित है कामयाबी : यशोधरा राजे सिंधिया

भोपाल। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने प्रदेश के सर्वोच्च विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र तथा लाईफ टाईम अचिव्हमेंट खेल पुरस्कार-2018 के चयनित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अर्जुन अवार्डी ओलम्पियन पद्मश्री श्री सुशील कुमार, म.प्र. ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष श्री रमेश मेन्दोला, रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्षा श्रीमती राजलक्ष्मी सिंहदेव, अपर मुख्य सचिव, खेल एवं युवक कल्याण श्री एम.मोहनराव, संचालक, खेल एवं युवा कल्याण डी.एस.एल. थाउसन उपस्थित थे। खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि खेलों में डीएनए कोई मायने नहीं रखता। कड़ी मेहनत और दृढ़ निश्चय हमेशा लक्ष्य तक पहुँचने में मददगार साबित होता है। अगर हम अपनी नकारात्मक को सफलता में परिवर्तित करते हैं, तो कामयाबी जरूर मिलती है। श्रीमती सिंधिया ने कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश ने खेलों में नया इतिहास रचा है। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान बनी है। अब ओलम्पिक का लक्ष्य है। खिलाड़ियों को अन्तर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण की और हाई परफार्मेंस के लिए अत्याधुनिक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के हर संभव प्रयास किए जा रहे है। एशियन गेम्स विजेताओं को मिली सम्मान राशि एशियन गेम्स, जकार्ता में भारत के लिए पदक जीतने वाले मुस्कान किरार, हर्षित तोमर और विवेक सागर को मध्यप्रदेश शासन ने शिखर खेल अलंकरण समारोह में इस बार विशेष रूप से सम्मानित किया। उन्हें एशियन गेम्स में पदक जीतने पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। एशियन गेम्स में तीरंदाजी कम्पाउण्ड टीम इवेंट में रजत पदक जीतने वाली मुस्कान को 75 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उनके मुख्य कोच रिचपाल सिंह को 10 लाख, सहायक कोच अशोक यादव को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान कर दी गई। सेलिंग में 4.7 ओपन क्लास में नेशनल सेलिंग स्कूल की हर्षिता तोमर को 50 लाख रुपये, उनके मुख्य कोच अर्जुन अवार्डी जीएल यादव को 10 लाख, सहायक कोच पी. मधु और अनिल शर्मा को 5-5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। उनके मुख्य कोच रहे अशोक कुमार को 10 लाख रुपये, महिला हॉकी अकादमी के चीफ कोच परमजीत सिंह को 10 लाख और सहायक कोच वंदना उइके को 5 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। समारोह में 215 जूनियर खिलाड़ियों को एकलव्य पुरस्कार और 10 खिलाड़ियों को विक्रम अवार्ड से सम्मानित किया गया। तीन प्रशिक्षकों को विश्वामित्र अवार्ड और धार के श्री सुधीर वर्मा को बैडमिंटन खेल में विशेष योगदान के लिए लाइफ टाइम अचिव्हमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।