पांच सौ और दो हज़ार के नकली नोट बाज़ार में, आरबीआई जारी करे पहचान के लिए गाइड-लाइन : चेम्बर ऑफ कॉमर्स

ग्वालियर । नवीन करेंसी रुपये 500 एवं 2000 के नकली नोट बाजार में दिखाई देने लगे है जबकि असली एवं नकली नोट के संबंध में अभी तक रिजर्व बैंक द्वारा कोई गाइड लाइन जारी नहीं की है। इस संबंध में आज चेम्बर ऑफ कॉमर्स द्वारा मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय रिजर्व बैंक, मुम्बई को पत्र लिखकर माँग की है कि असली एवं नकली नोट की पहचान हेतु आरबीआई द्वारा गाइड लाईन जारी की जाए । चेम्बर के अध्यक्ष अरविन्द अग्रवाल, संयुक्त अध्यक्ष यश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष सुरेश बंसल, मानसेवी संयुक्त सचिव जगदीश मित्तल एवं कोषाध्यक्ष गोकुल बंसल ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में अवगत कराया है कि समाचार-पत्रों एवं व्यवसाईयों से ज्ञात हुआ है कि रु. 500 एवं 2000 के नकली नोट बाजार में आ चुके हैं । इतनी बड़ी करेंसी के नकली नोट बाजार में आ जाने से व्यवसाई वर्ग चिंतित है । साथ ही, व्यवसाईयों सहित आम नागरिकों में इसको लेकर भ्रम की स्थिति निर्मित हो रही है और इससे आम व्यक्ति यही नहीं समझ पा रहा है कि कौन-सा नोट असली है और कौन-सा नोट नकली है । पदाधिकारियों ने पत्र के माध्यम से माँग की है कि देश में रु. 500 एवं 2000 के नकली नोट बाजार में आ जाने की इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए, असली एवं नकली नोट की पहचान हेतु रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से तत्काल गाइड लाइन जारी की जाए, जिससे कि देशभर के व्यवसाई एवं आम नागरिक स्पेसीफिक चिन्हों की सहायता से यह जान सकें कि कौन-सी करेंसी असली है और कौन-सी नकली ।