सरकार हमारी बात ही नहीं मान रही है : राजगोपाल पीवी
ग्वालियर। एकता परिषद का 'जनांदोलन' खत्म करने के लिए सरकार द्वारा किये गए तमाम प्रयास तब धरे रह गए। जब सड़क मार्ग से करीबन 25000 सत्याग्रही दिल्ली पैदल रवाना हो गए। खास बात ये रही कि पैदल-यात्रा को हरी झंडी दिखाकर बीजेपी के पूर्व दिग्गज नेता रहे यशवंत सिन्हा ने रवाना किया। मालूम हो कि 3 अक्टूबर को मेला मैदान में पहुचकर सीएम शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार सिंह ने इनसे मुलाकात की थी और इनकी मांगे जानने के बाद उनसे हाईकमान को अवगत कराने दिल्ली पहुच गए थे। हालांकि दोनो ने ही आश्वासन दिया था कि उनकी जो मांगे राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में हैं पूरी कर दी जाएंगी और जो मांगे उनके बस से बाहर हैं उनके बारे में वे केंद्र सरकार से बात करेंगे। बाबजूद इसके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत एकता परिषद के बैनर तले आयोजित 'जनांदोलन' गुरुवार को सड़क मार्ग से दिल्ली रवाना हो गया। करीबन 25000 भूमिहीनों के इस लश्कर के मुरैना पड़ाव पर 6 अक्टूबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, मध्यप्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और मप्र कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के चेयरमेन ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में संबोधित करेंगे। 'जनांदोलन' को हरी झंडी वरिष्ठ समाजसेवी और पूर्व बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने दिखाई। 'जनांदोलन' की 5 प्रमुख मांगे हैं। जिनमें राष्ट्रीय आवासीय भूमि अधिकार कानून की घोषणा व क्रियान्यवन, महिला कृषक हकदारी कानून की घोषणा व एवं क्रियान्वयन, भारत सरकार द्वारा पूर्व में गठित राष्ट्रीय भूमि सुधार परिषद और राष्ट्रीय भूमि सुधार कार्यक्रम को सक्रिय करना, वनाधिकार कानून 2006 और विस्तार उपबंध अधिनियम 1996 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर पर निगरानी तंत्र की स्थापना और भूमि संबंधी विवादों के शीघ्र समाधान के लिए त्वरित न्यायालयों का संचालन शामिल हैं। पैदल-यात्रा पर रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में इस अभियान की अगुवाई कर रहे राजगोपाल पीवी ने कहा कि वे आंदोलन नहीं करना चाहते। लेकिन सरकार उन्हें मजबूर कर रही है उनकी बात नहीं सुन रही है। चार साल से हम प्रयास कर रहे हैं परन्तु अब तक कोई हल नहीं निकला है। आगे उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस से भी जानना चाहते हैं कि अगर सत्ता में आये तो उनका रुख क्या होगा। बहरहाल, 'जनांदोलन' जिले की सीमा पार कर गया है और दिल्ली अभी दूर है। लेकिन देश के तीन राज्यों मप्र, राजस्थान व छत्तीसगढ़ में विधान सभा चुनाव समीप हैं। ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि सरकार भूमिहोनों की मांगें मानती है या नहीं। यह भविष्य की गर्त में छिपा है।