सरकारें बात आम आदमी का करती हैं लेकिन काम खास आदमी का करती हैं : यशवंत सिन्हा

ग्वालियर। देश के पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि सभी सरकारें बातें तो आम आदमी की करती हैं लेकिन काम खास आदमी का ही करती हैं। मौजूदा सरकार भी इससे अछूती नहीं है ।एकता परिषद की दिल्ली कूच यात्रा में शिरकत करने आए पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने कहा कि आमतौर पर गरीबों की कोई नहीं सुनता है। यहां तक कि सरकारें भी अमीरों की ही बातें सुनती हैं ।उन्होंने अपना एक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब मैं वित्त मंत्री था तब बजट से पहले हर वर्ग के साथ मीटिंग करता था ।तो कवरेज के लिए सिर्फ दूरदर्शन ही मौजूद रहता था लेकिन जब उद्योगपतियों और व्यवसायिक घरानों के साथ बजट से पहले मीटिंग होती थी तो तमाम मीडिया के लोग वहां कवरेज के लिए आते थे ।उन्होंने कहा कि यह हम लोगों की सोच में कमी है। जिसके कारण समाज में असमानता है ।एकता परिषद का आंदोलन भी इसी का उदाहरण है। इस आंदोलन में सभी लोग गरीब हैं भूमिहीन है वह खेती के लिए जमीन और आवास के लिए जमीन चाहते हैं लेकिन 5 मांगों में से सरकार सिर्फ दो ही मांगे मान रही है तीन मांगों को लेकर इन गरीब मजदूरों को दिल्ली तक पदयात्रा करना पड़ रही है। बेहतर होता सरकार इनकी इन सभी जायज मांगों को मान लेती और उन्हें पदयात्रा का प्रण त्यागना पड़ता ।