अवैध कॉलोनियों का मामला, भिंड जिला प्रशासन ने सौपी रिपोर्ट, अब तक 1000 से ज्यादा लोगों पर एफआईआर

ग्वालियर। भिंड जिले में अवैध कॉलोनियों के मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ की कड़ी फटकार के बाद, कलेक्टर ने 251 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने संबंधी रिपोर्ट को कोर्ट में पेश कर दिया हैं। अब तक इस मामले में एक हजार से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज करके कोर्ट में रिपोर्ट सौंपी गई है। दरअसल, भिंड जिले में लगातार फैल रही अवैध कॉलोनियों के मामले में अटेर के पूरन सिंह नरवरिया ने ग्वालियर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर की थी। जिसमें उन्होंने कहा कि था कि जिले में बड़ी संख्या में कृषि भूमि पर बिना डायवर्सन और बिना अनुमति के कॉलोनियां काटी जा रही है। इस मामले में दिसंबर 2012 में फैसला सुनाते हुए अवैध कॉलोनी बसाने वाले कॉलोनाइजरों और जिम्मेदार सरकारी अफसरों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए। लेकिन प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद जब हाईकोर्ट में अवमानना के मामले में प्रशासन को तलब किया तो आनन फानन में अवैध कॉलोनाइजर पर केस दर्ज किए जाने लगे। गुरुवार को जब कोर्ट में भिंड जिला प्रशासन की और से रिपोर्ट पेश की गया है, तो उसमें बताया गया है कि वह बुधवार यानि 3 अक्टूबर तक एक हजार से ज्यादा लोगों पर एफआईआर दर्ज कर चुकी है। वहीं, अब हाईकोर्ट के आदेशानुसार, अवैध कॉलोनी बसाने वाले और उन्हें सरंक्षण देने वाले दोनों लोगों पर नपा एक्ट 1961 की धारा 339, ए, बी, सी, डी के तहत केस दर्ज किये जाएगें। हाईकोर्ट ने भिंड कलेक्टर की रिपोर्ट के बाद आदेश को सुरक्षित रख लिया हैं।