कारगर नीतियों के जरिये मध्य प्रदेश में अमीरों-गरीबों की खाई कम करने की कोशिश : मुख्यमंत्री श्री चौहान

ग्वालियर । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर गरीबों को उनका वाजिब हक एवं न्याय दिलाने के लिए मजबूत सामाजिक सुरक्षा चक्र खड़ा करने की कारगर कोशिश की गई है। साथ ही अमीरों एवं गरीबों के बीच की खाई कम करने के लिये सही नीतियां, कार्यक्रम व कानून बनाए गए हैं। श्री चौहान बुधवार को ग्वालियर में एकता परिषद के सत्याग्रहियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने एकता परिषद के पदाधिकारियों व सत्याग्रहियों को भरोसा दिलाया कि वे स्वयं दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से भेंट कर एकता परिषद की वाजिब मांगों को पूरा कराने के लिये पुरजोर प्रयास करेंगे। ग्वालियर व्यापार मेला मैदान में आयोजित हो रहे एकता परिषद के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार का घोषित फैसला है कि गरीबों की जितनी आबादी है, बजट का उतना ही हिस्सा गरीबों के कल्याण पर खर्च होगा। उन्होंने कहा कि एकता परिषद की जो प्रमुख माँगे हैं, उन पर मध्यप्रदेश में पहले से ही अमल हो रहा है। श्री चौहान ने कहा एकता परिषद तथा अन्य संगठनों की राय लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने भू-सुधार आयोग भी बनाया है। मध्यप्रदेश में महिलाओं को जमीन का उत्तराधिकार देने का स्पष्ट कानून है। यदि महिलाओं को कृषक मानने में कहीं कोई तकनीकी दिक्कत है तो उसे भी दूर किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा प्राकृतिक संसाधनों पर सभी का बराबरी का अधिकार होता है। मगर यह स्वीकारने में कोई संकोच नहीं है कि पूरी दुनिया में अमीरों ने इन संसाधनों पर कब्जा जमा रखा है, जिससे अमीर-गरीब के बीच बड़ी खाई पैदा हो गई है। इस खाई को पाटने के लिये अच्छी नीतियां, कार्यक्रम व कानून बनाना अत्यंत आवश्यक है। मध्यप्रदेश में इसी रास्ते पर चलकर गरीबों के कल्याण के लिए कारगर कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा वनाधिकार अधिनियम लागू करने में मध्यप्रदेश, देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश में अब तक सवा दो लाख वनाधिकार पट्टे दिए जा चुके हैं। अकेले डिंडोरी जिले में ही विशेष अभियान चलाकर 23 हजार हैक्टेयर जमीन के पट्टे अनुसूचित जनजाति के लोगों को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा सरकार ने विधानसभा में ऐसा कानून बनाया है, जिससे हर जरूरतमंद आवासीय जमीन का मालिक होगा। उन्होंने कहा इस अधिनियम के तहत प्रदेश में अब तक 30 लाख आवासीय पट्टे दिए जा चुके हैं। सरकार ने जरूरतमंदों को घर बनाने के लिए केवल जमीन का टुकड़ा भर ही नहीं दिया है, अपितु पक्के आवास भी बनवाए हैं। प्रदेश में पिछले दो साल के भीतर 15 लाख आवास बनवाए जा चुके हैं। अगले चार साल में कोई भी व्यक्ति आवासहीन नहीं रहेगा। संबल योजना (मुख्यमंत्री जनकल्याण) की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आम आदमी की जरूरतें रोटी, कपड़ा, मकान, पढ़ाई-लिखाई और दवाई होती हैं। इन सब जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार ने संबल योजना के रूप में मजबूत सामाजिक सुरक्षा चक्र खड़ा किया है। इस योजना के तहत पहली कक्षा से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई, संकट के समय 2 से लेकर 4 लाख रूपए तक की आर्थिक मदद, नि:शुल्क इलाज तथा रोजगार के अवसर दिलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने जहाँ तमाम आडम्बर कम किए हैं, वहीं जीवन में खुशिया लाने के लिये आनंदम विभाग का गठन भी किया है। सुप्रसिद्ध गाँधीवादी विचारक डॉ. एस एन सुब्बाराव ने कहा खुशी की बात है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री तमाम व्यस्तताओं के बाबजूद आगे बढ़कर गरीबों की बात सुनने आए हैं। साथ ही हमें भरोसा है कि वे हम सबकी बात को प्रधानमंत्री तक पहुँचायेंगे। श्री सुब्बाराव ने कहा कि अपने अधिकारों व शक्ति की प्राप्ति बंदूक से नहीं, त्याग, अहिंसा और शांति से होती है। उन्होंने कहा चंबल की धरा शांति की धरा है। यहाँ पर खूँखार बागियों ने बंदूकें फेंककर पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया। एकता परिषद के संस्थापक राजगोपाल पीवी ने मुख्यमंत्री श्री चौहान की सहज और सुलभ उपलब्धता तथा समय-समय पर दिए गए सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री चौहान एक नई सादगीपूर्ण राजनैतिक संस्कृति व सभ्यता पैदा कर रहे हैं। साथ ही भरोसा जताया कि वे केन्द्र सरकार से मध्यस्थता कर हमारी मांगों को पूरा कराने में सहयोग करेंगे। श्री राजगोपाल ने खासकर समग्र कृषि नीति एवं समग्र भूमि नीति बनाने की माँग रखी। आरंभ में मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं कस्तूरबा गाँधी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की।