एकता परिषद की मांगों के निराकरण पर हो रही है कार्यवाही, उपसमिति का होगा गठन : केंद्रीय मंत्री श्री तोमर
ग्वालियर । जल,जंगल और जमीन के मुद्दें पर आंदोलन कर रही एकता परिषद की मांगों के सिलसिले में केंद्र सरकार द्वारा की जा रही कार्यवाही से केंद्रीय ग्रामीण विकास,पंचायती राज एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने पत्र द्वारा एकता परिषद को अवगत कराया है।
इसी सिलसिले में बुधवार को केंद्र की तरफ से ग्वालियर आए केंद्रीय महिला बाल विकास एवं अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार ने एकता परिषद के संयोजक पीवी राजगोपाल से मुलाकात की।
केन्द्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार ने इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास पंचायती राज एवं खनन मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के उस पत्र को भी श्री राजगोपाल को सौंपा, जिसमें केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने एकता परिषद द्वारा उठाए गए मुद्दों पर मंत्रालय की ओर से की गई अब तक की कार्यवाही का ब्यौरा दिया।
केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने इस पत्र के जरिए मंत्रालय की ओर से 26 जून और 8 अगस्त को हुई बैठकों की जानकारी दी। दरअसल, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को बुधवार को ग्वालियर में एकता परिषद के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करनी थी। लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह ग्वालियर नहीं आ सके। लिहाजा उन्होंने केंद्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार को ग्वालियर भेजा।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अपने पत्र में एकता परिषद द्वारा उठाए गए मुद्दों का जिक्र करते हुए बताया कि भूमि और वन अधिकार से जुड़े मुद्दों पर एक उपसमिति गठित की जा रही है। जो 6 महीने में केंद्र को अपनी सिफारिशें सौंपेगी। पत्र में बताया गया है कि इन्हीं मुद्दों पर गठित कार्यबल विचार विमर्श के लिए हर महीने एक बैठक भी करेगा। केंद्रीय राज्य मंत्री वीरेंद्र कुमार ने मेला मैदान में एकता परिषद के मंच को साझा करते हुए केंद्रीय मंत्री के अस्वस्थ होने की जानकारी दी तथा उपस्थित भूमिहीन वंचित और आदिवासियो को केंद्रीय मंत्री श्री तोमर द्वारा भेज गया पत्र पढ़ कर सुनाया।