जनांदोलन के सत्याग्रहियों से मिलने आ रहे हैं सीएम शिवराज

ग्वालियर। जल, जंगल और जमीन की मांग को लेकर 25 हजार आदिवासियों को मनाने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इनसे मिलने ग्वालियर आने वाले है। शिवराज सिंह चौहान सुबह ग्यारह बजे एकता परिषद के बैनर पर 14 राज्यों से इकट्टा हुए भूमिहीनों से संवाद करेंगे। साथ ही आंदोलन को खत्म करने की पुरजोर कोशिश भी करेंगे। लेकिन इस बीच एकता परिषद की मुश्किलें बढ़ गयी है। क्योंकि एकता परिषद के भूमि सत्याग्रह संसद में भाग लेने के लिए 6 अक्टूबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कमलनाथ मुरैना में आने वाले है। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान आंदोलन को खत्म करने के लिए एकता परिषद के राजगोपाल पीव्ही से बात करेगें। माना जा रहा है शिवराज सरकार एकता परिषद की 2 मांगो पर अपनी स्वीकृति दे सकती है। लेकिन बाकी तीन मांगों को मनवाने के लिए एकता परिषद का आंदोलन 4 अक्टूबर को ग्वालियर से दिल्ली के लिए कूच करेगा। आपको बता दें कि एक अक्टूबर से देश के अलग-अलग राज्यों से भूमिहीन आदिवासी ग्वालियर में इकट्टा हो रहे है। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ 4 अक्टूबर को दिल्ली कूच करने वाले हैं।जनआंदोलन की 5 प्रमुख मांगो में, राष्ट्रीय आवासीय भूमि अधिकार कानून की घोषणा व क्रियान्यवन, महिला कृषक हकदारी कानून की घोषणा व एवं क्रियान्वयन, भारत सरकार द्वारा पूर्व में गठित राष्ट्रीय भूमि सुधार परिषद और राष्ट्रीय भूमि सुधार कार्यबल को सक्रिय करना ,वनाधिकार कानून 2006 और विस्तार उपबंध अधिनियम 1996 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय व प्रांतीय स्तर पर निगरानी तंत्र की स्थापना और भूमि संबंधी विवादों के शीघ्र समाधान के लिए त्वरित न्यायालयों का संचालन शामिल हैं।