' हम तो डूबेंगे सनम, तुमको भी ले डूबेंगे '

भोपाल। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सपाक्स ने नई पार्टी के गठन की घोषणा कर दी है। पार्टी का नाम होगा ' सपाक्स समाज पार्टी '। सपाक्स ने ऐलान किया है कि आगामी विधान सभा चुनाव में सपाक्स प्रदेश की सभी 230 सीटों पर किस्मत आजमाएगी। जिनके उम्मीदवारों की घोषणा जल्दी ही कर दी जाएगी। पार्टी का अध्यक्ष हीरालाल त्रिवेदी को बनाया गया है। सपाक्स के अनुसार चुनाव में प्रमुख मुद्दा होगा, एससी एसटी संशोधित एक्ट और प्रमोशन में आरक्षण खत्म करने का। हालांकि निर्वाचन आयोग की मंजूरी और चुनाव चिन्ह तय होना अभी बाकी है। लेकिन आगामी विस् चुनाव के लिए बिगुल फूंकने के साथ ही प्रमुख राजनीतिक दलों की नींद उड़ना लाजमी है। क्योकि कार्यकारिणी गठन हो गया है जिसमें चार उपाध्यक्ष बनाये गए हैं उनमें से एक बीजेपी नेता राजीव खण्डेलवाल भी हैं जिन्होंने हालही में सपाक्स की सदस्यता ली है। लिहाजा जोड़तोड़ का गणित लगना शुरू हो गया होगा, ऐसा जानकार मान रहे हैं। मालूम हो कि एससी एसटी संशोधित एक्ट के विरोध में रविवार को भोपाल में महाक्रांति रैली का आयोजन किया गया था। जिसमें ऐलान किया गया था कि गांधी जयंती पर सपाक्स अपनी पार्टी की घोषणा करेगा। कुलमिलाकर सपाक्स ने साफ कर दिया है अगर वे डूबेंगे तो अकेले नहीं डूबेंगे, विरोधियों को साथ लेकर डूबेंगे।