एससी एसटी एक्ट के 3 आरोपियों को अंतरिम राहत, आरोपियों की गिरफ्तारी पर हाई कोर्ट ने लगाई रोक

ग्वालियर। हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने एससी एसटी एक्ट में संशोधन के बाद पहली बार तीन लोगों को राहत प्रदान की है। मामला मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र का है जहां आरोपियों इंदर सिंह मनीष सिंह और अरविंद राठौर के खेत में मिट्टी खोदने को लेकर हुए विवाद में उनके खिलाफ एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति ने मारपीट और जातिगत अपमान का मामला दर्ज कराया था। इस पर को पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दलित उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज किया था। एससी एसटी एक्ट में संशोधन के बाद धारा 438 के तहत अग्रिम जमानत देने का प्रावधान नहीं है। लेकिन सीआरपीसी की धारा 482 के बारे में इस संशोधन में कोई जिक्र नहीं किया गया है। आरोपियों के अधिवक्ता मोहित शिवहरे ने बताया कि उच्च न्यायालय को इस धारा के तहत याचिका दायर करने वाले को राहत देने का अधिकार है। उन्होंने सीआरपीसी की धारा 482 के तहत अपने क्लाइंट के खिलाफ लगे मामले को खारिज करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिस पर पिछले महीने 10 सितंबर को सुनवाई हुई थी ।बहस को सुनने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। इस पर अब हाईकोर्ट ने आरोपियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाई है। लेकिन विवेचना जारी रखने के निर्देश दिए हैं ।हाई कोर्ट का कहना है कि जब तक जरूरी ना हो तब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जाए। एससी एसटी एक्ट में संशोधन के बाद यह देश का संभवत पहला मामला है। जिसमें आरोपियों को धारा 482 के तहत हाई कोर्ट ने अंतरिम राहत प्रदान की है ।