फूटी कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने गए प्रशासन को लोगो ने खदेड़ा, पुलिस के लाठीचार्ज के बाद लोगो ने किया पथराव, स्थिति तनावपूर्ण

ग्वालियर । हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद फूटी कॉलोनी में रहने वाले करीब 5 सैकड़ा लोगों के आशियाने तोड़ने पहुंचे प्रशासन की टीम को उस समय वापस लौटना पड़ा जब प्रदर्शन के दौरान घायल हुई महिला को जबरन एंबुलेंस से अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई। जब लोगों ने उन्हें रोका तो वहां बैठी महिलाएं आक्रोशित हो गई इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में लोगों पर लाठियां भांजी गई। पुलिस के लाठीचार्ज के बाद लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस को उल्टे पांव वापस भागना पड़ा इस बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल रुक गई है इस दौरान मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता अखिलेश यादव और आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता घटनास्थल पर मौजूद हैं। गौरतलब है कि फूटी कॉलोनी में लोग पिछले 10 से 15 सालों से रह रहे हैं ।एक जनहित याचिका में हाई कोर्ट ने अवैध रूप से रह रहे लोगों को बेदखल करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश के खिलाफ लोग आक्रोशित हैं और प्रशासन को अतिक्रमण हटाने से रोक रहे हैं। खास बात है कि सभी लोग मजदूर वर्ग से आते हैं अधिकांश दलित और पिछड़ा वर्ग के लोग रहते हैं ।